रुद्रपुर में कानून-व्यवस्था पर सवाल, विधायक के बेटे पर लाठी-डंडों से हमला

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर, प्रेस 15 न्यूज। उधमसिंह नगर जिले में उस समय अफरातफरी मच गई जब किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के छोटे बेटे और नगर निगम पार्षद सौरभ बेहड़ पर अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया।

नकाबपोश तीन युवकों ने अचानक हमला कर सौरभ को गंभीर रूप से घायल कर दिया। उनकी हालत को देखते हुए निजी अस्पताल में उन्हें आईसीयू में रखने की तैयारी की जा रही है।

Ad

जानकारी के अनुसार, सौरभ बेहड़ किसी निजी कार्य से आवास विकास चौकी क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन नकाबपोश युवकों ने रास्ते में उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में सौरभ बेहड़ बुरी तरह जख्मी हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

वहीं, घटना के बाद कांग्रेस नेताओं में रोष व्याप्त है। पार्टी नेताओं ने इसे प्रदेश की कानून-व्यवस्था की विफलता बताते हुए सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि यह हमला बेहद निंदनीय है और इससे प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और शीघ्र ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
1
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें