दोगांव के पास पहाड़ दरका, नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे बंद, दोनों तरफ वाहनों की कतार

खबर शेयर करें -

नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार तड़के दोगांव के पास अचानक पहाड़ का एक हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा। भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा सड़क पर आने से राजमार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

भूस्खलन की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। सड़क पर गिरे बोल्डर और मलबे को हटाने के लिए जेसीबी मशीनों से काम शुरू कर दिया गया है। मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Ad

बताया जा रहा है कि दोगांव का यह क्षेत्र पहले भी भूस्खलन की चपेट में आ चुका है। पहाड़ी से गिरे स्लेटनुमा पत्थरों और मलबे ने सड़क को बाधित करने के साथ ही राजमार्ग के पैराफिट को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। भूस्खलन के दौरान बड़ी मात्रा में मलबा सड़क से नीचे नदी और जंगल की ओर भी जा गिरा।

फिलहाल मार्ग बाधित होने के कारण नैनीताल और हल्द्वानी के बीच आवाजाही प्रभावित है। प्रशासन की ओर से मलबा हटाने का कार्य जारी है। पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने की आशंका के चलते लोगों से मौके पर सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

अपडेट :- लोक निर्माण विभाग की तरफ से दो जेसीबी मशीन लगाकर सड़क खाली करने का प्रयास किया जा रहा है। पहाड़ी से लगातार स्लेट (पत्थर) गिरने से कार्य में परेशानी हो रही है। माना जा रहा है कि अगले डेढ़ से दो घंटों में मार्ग को सुचारू कर लिया जाएगा।

(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की रिपोर्ट)

What’s your Reaction?
+1
1
+1
1
+1
0
+1
0
+1
1

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें