
रामनगर, प्रेस 15 न्यूज। रामनगर के छोई स्थित फूड बंगला रेस्टोरेंट में संवेदना फाउंडेशन संस्था की ओर से हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर भव्य पत्रकारिता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम केवल सम्मान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, चुनौतियों और समाज में मीडिया की जिम्मेदारी को लेकर गंभीर एवं सार्थक संवाद का मंच भी बना। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों, संपादकों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता कई चुनौतियों से गुजर रही है। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, फेक न्यूज, राजनीतिक दबाव और व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा के दौर में निष्पक्ष पत्रकारिता को बचाए रखना बड़ी जिम्मेदारी बन चुका है।
देखें वीडियो: रामनगर में “संवेदना” के संग पत्रकारों का सम्मान, सरोकारों पर मंथन👇🔴
वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता केवल खबरों का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण स्तंभ है।
वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि पत्रकारों को विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करना पड़ता है। पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों, निष्पक्षता और सामाजिक सरोकारों को बनाए रखने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि मीडिया समाज और प्रशासन के बीच संवाद का सबसे सशक्त माध्यम है और पत्रकारों की भूमिका लोकतंत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर रामनगर के दिवंगत पत्रकार स्वर्गीय जितेन्द्र पपनै, स्वर्गीय लक्ष्मीदत्त मंदोलिया और स्वर्गीय नितेश जोशी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर परिजनों को शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। इस भावुक क्षण ने कार्यक्रम को और अधिक संवेदनशील बना दिया।
कार्यक्रम का वातावरण सौहार्दपूर्ण, चिंतनशील और प्रेरणादायी रहा, जहां पत्रकारिता के वर्तमान और भविष्य को लेकर खुलकर चर्चा हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हल्द्वानी से आए सूचना अधिकार संगठन के संरक्षक प्रकाश हर्बोला और रामनगर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर एमसी पांडेय रहे।
वहीं वरिष्ठ पत्रकार विनोद पपनै, कमल हीरा, गणेश रावत तथा एडवोकेट पूरन चंद्र पाण्डेय विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में पत्रकार खुशाल रावत, गोविंद पाटनी, मोहम्मद उस्मान, राहुल सिंह दर्मवाल, एडवोकेट मदन मोहन गौनियाल, चंचल गोला, चंद्रशेखर जोशी, मयंक मैनाली, गौरव मंदोलिया, प्रकाश भट्ट, अज़ीम खान, हेम पांडेय, शंकर पांडे, एडवोकेट मनु अग्रवाल, श्रीमती रेखा पपनै, मुकेश सुयाल, रोहित गोस्वामी, कैलाश सुयाल, कुलदीप अग्रवाल, हल्द्वानी से आए संजय पाठक, कमल कफल्टिया, काशीपुर से पुनीत शर्मा, पैट्रिक तरन बाबा और किशन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान संवेदना फाउंडेशन के अध्यक्ष अनिल भंडारी, तनुजा पांडेय, प्रतिभा रावत सहित संस्था से जुड़े अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।









