जनसेवा और शिक्षा में योगदान के लिए जनार्दन चिलकोटी सम्मानित

खबर शेयर करें -

देहरादून/चंपावत, प्रेस 15 न्यूज। जनसेवा, शिक्षा एवं समाज कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए चंपावत के सामाजिक कार्यकर्ता जनार्दन चिलकोटी को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस एवं पीढ़ियों का कारवां कार्यक्रम के अवसर पर राजधानी देहरादून में सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें सम्मान पत्र प्रदान किया। जिला समाज कल्याण विभाग, उत्तराखंड की ओर से आयोजित समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।

Ad

चिलकोटी लंबे समय से सीमांत और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं, विद्यार्थियों एवं महिलाओं के बीच शिक्षा, करियर मार्गदर्शन, कौशल विकास और स्वरोजगार को लेकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं को उद्यमिता और रोजगार के अवसरों की जानकारी देने के साथ ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी प्रयास किए हैं।

एसबीआई में मुख्य प्रबंधक पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने अपने अनुभव को सामाजिक सरोकारों से जोड़े रखा।

पूर्व में एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI), चंपावत के निदेशक के रूप में उन्होंने स्वरोजगार, उद्यमिता प्रशिक्षण और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाया। सीमांत क्षेत्र के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में करियर काउंसलिंग और युवाओं को कौशल विकास के लिए मार्गदर्शन देना भी उनके कार्यों में शामिल रहा है।

भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, चंपावत के महासचिव के रूप में भी चिलकोटी आपदा और जरूरतमंद परिवारों की सहायता से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि से अधिक समाज के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाने वाला अवसर है। भविष्य में भी वे अपनी क्षमता और अनुभव का उपयोग जनसेवा में करते रहेंगे।

चिलकोटी ने सम्मान अपनी दिवंगत माता वीरांगना मंदोदरी देवी को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि भारत-पाक युद्ध 1965 में पिता के शहीद होने के बाद उनकी माता ने कठिन परिस्थितियों में उनका पालन-पोषण किया और मां के साथ पिता की भूमिका भी निभाई। माता से मिले संघर्ष, संवेदना, मानवता और समाजसेवा के संस्कारों ने उन्हें समाज के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी।

उन्होंने सम्मान को माता के संस्कारों, समाज के सहयोग और लोगों के विश्वास का सम्मान बताते हुए जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग और सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि आगे भी सीमांत क्षेत्रों के युवाओं, विद्यार्थियों, ग्रामीण महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों तक शिक्षा, मार्गदर्शन, कौशल विकास एवं सामाजिक सहयोग पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।

(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें