अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस: बुजुर्ग सिर्फ परिवार नहीं, पूरे समाज की धरोहर

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी/चम्पावत, प्रेस 15 न्यूज। उम्र की ढलती सांझ में सबसे ज्यादा जरूरत सम्मान और अपनत्व की होती है। जिन बुजुर्गों ने अपने अनुभवों से परिवार और समाज को दिशा दी, अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर हल्द्वानी और चम्पावत में उन्हीं वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में आत्मीय आयोजन हुए।

कहीं बुजुर्गों को शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया तो कहीं जरूरतमंद वरिष्ठजनों को श्रवण यंत्र दिए गए। आयोजनों में बुजुर्गों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनकी देखभाल और सम्मान को सामूहिक जिम्मेदारी बताया गया।

Ad

हल्द्वानी में सम्मान के साथ सांस्कृतिक रंग

रामपुर रोड स्थित बैंकट हॉल में जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग नैनीताल और वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति के संयुक्त आयोजन में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद उत्तराखंड के उपाध्यक्ष नवीन चंद वर्मा और विशिष्ट अतिथि शांति मेहरा रहे। अध्यक्षता समिति अध्यक्ष इ. भुवन भास्कर पांडे ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण से हुई। दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना और वंदे मातरम् के बाद समिति के संस्थापक अध्यक्ष स्व. न्यायमूर्ति मुरारी लाल गुप्ता के चित्र पर माल्यार्पण किया गया।

समिति के पांच वयोवृद्धों, तीन विशिष्ट समाजसेवी वरिष्ठजनों सहित स्वच्छता, पर्यावरण और विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को माला, शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। एमएस सेवा संस्थान के बच्चों ने ‘बेटी हिंदुस्तानी’ ग्रुप डांस और श्री आनंद वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने नृत्य, कविता व संगीत की प्रस्तुति दी।

जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। अतिथियों ने बुजुर्गों के अनुभवों से सीख लेने का आह्वान किया। अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारुल थपलियाल ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत शपथ दिलाई।

चम्पावत में पांच वरिष्ठजनों को श्रवण यंत्र

चम्पावत के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे वरिष्ठ नागरिकों का माल्यार्पण और पौधे भेंटकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष ने की।

उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का अनुभव और संस्कार नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं। परिवार और समाज को उन्हें सम्मान, सुरक्षा और जरूरी सहयोग देने के साथ मुख्यधारा से जोड़े रखना चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग के शिविर में वरिष्ठ नागरिकों की जांच की गई। आवश्यकता के आधार पर पांच बुजुर्गों को नि:शुल्क श्रवण यंत्र दिए गए। समाज कल्याण विभाग ने पेंशन योजनाओं, विधिक अधिकारों और सरकारी सुविधाओं की जानकारी दी। वरिष्ठ नागरिकों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे, जिस पर अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

हल्द्वानी में जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी असलम अली, सहायक समाज कल्याण अधिकारी विपिन बिष्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें