धारी में गुलदार ने फिर छीनी खुशियां, गंगा देवी को बनाया निवाला, तीसरी घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश

खबर शेयर करें -

धारी (भीमताल) प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल जिले के धारी ब्लॉक में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटना में गुलदार ने एक महिला को मौत के घाट उतार दिया। अल्प समय में हिंसक वन्यजीव द्वारा की गई यह तीसरी घटना है, जिससे पहाड़ी गांवों में दहशत और गुस्से का माहौल है। वन विभाग गुलदार की तलाश में जुटा हुआ है, लेकिन अब तक उसे पकड़ने में असफल रहा है।

जानकारी के अनुसार, धारी ब्लॉक के खुटियानाला गांव निवासी 35 वर्षीय गंगा देवी पर गुलदार ने हमला कर उसकी हत्या कर दी। गांव से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल क्षेत्र में ग्रामीणों को गंगा देवी का आधा खाया शव मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस, वन विभाग और राजस्व विभाग की टीम पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

Ad

पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही गुलदार की घटनाओं के बावजूद वन विभाग द्वारा गुलदार को पकड़ने में नाकामी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि महिलाएं जंगल और खेतों में जाने से डर रही हैं, जिससे उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले 26 दिसंबर को धारी क्षेत्र के दीनी तल्ली गांव में हेमा बरगली को गुलदार ने मार डाला था। वहीं, 30 दिसंबर को खन्स्यु क्षेत्र के चमोली गांव में भी गुलदार ने चारा और लकड़ी लेने गई एक महिला को अपना शिकार बनाया था। लगातार तीसरी घटना ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल वन विभाग की टीमें क्षेत्र में गुलदार की तलाश में सघन अभियान चला रही हैं और पिंजरे लगाए जाने के साथ ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। ग्रामीणों ने शीघ्र गुलदार को पकड़ने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

(वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
1
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें