
बेतालघाट, प्रेस 15 न्यूज। बेतालघाट स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्राओं की ओर से उठाई गई आवाज के बाद अब विद्यालय में 7 अतिथि शिक्षकों की तैनाती की गई है। वार्षिक स्थानान्तरण के फलस्वरूप रिक्त हुए पदों के सापेक्ष इन शिक्षकों को नितान्त अस्थायी रूप से समायोजित किया गया है।
हाल ही में विद्यालय की छात्राओं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें छात्राएं राज्य सरकार से ‘टीचर दो’ की मांग करती नजर आई थीं। अध्यापकों की कमी से परेशान कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं की छात्राओं ने विद्यालय की छुट्टी के बाद शिव मंदिर प्रांगण में सांकेतिक प्रदर्शन कर वर्षों से रिक्त पदों को भरने की मांग उठाई थी।
छात्राओं का कहना था कि जब विद्यालय में शिक्षक ही नहीं होंगे तो उनकी पढ़ाई कैसे पूरी होगी। अभिभावक संघ के अध्यक्ष के नेतृत्व में छात्राओं ने शिक्षा विभाग और सरकार से विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती की मांग की थी।
विद्यालय में इंटर स्तर पर प्रवक्ताओं के सभी 9 पद रिक्त थे, जबकि एल.टी. के स्वीकृत 10 पदों में से 5 पद रिक्त थे। शिक्षकों की कमी के कारण कुछ विषयों की पढ़ाई अतिथि और पी.टी.आर. शिक्षकों के भरोसे चल रही थी।
7 अतिथि शिक्षकों को मिली तैनाती
मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल आर.एस. नेगी ने बताया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय में योजित विशेष अनुज्ञा याचिका में पारित निर्णय दिनांक 14 जनवरी 2020 के अनुपालन में निर्गत शासनादेशों के क्रम में वार्षिक स्थानान्तरण से प्रभावित अतिथि शिक्षकों को रिक्त पदों के सापेक्ष नितान्त अस्थायी रूप से समायोजित किया गया है।
इसके तहत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बेतालघाट में कुल 7 अतिथि शिक्षकों को तैनाती दी गई है।
अतिथि प्रवक्ता के 4 पदों पर तैनाती हुई है
– राजनीति विज्ञान — श्रीमती मंजू सुनौरी
– अंग्रेजी — श्रीमती सपना गोस्वामी
– अर्थशास्त्र — श्रीमती शिखा पाण्डेय
– हिन्दी — श्रीमती मुन्नी देवी
अतिथि सहायक अध्यापक एल.टी. के 3 पदों पर तैनाती हुई है।
– व्यायाम — हंसा शर्मा
– विज्ञान — तृप्ता जोशी
– हिन्दी — हेमा देवी
इस प्रकार कुल 7 अतिथि शिक्षकों को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बेतालघाट में रिक्त पदों के सापेक्ष समायोजित किया गया है।
नियमित नियुक्ति होने पर समाप्त होगी व्यवस्था
मुख्य शिक्षा अधिकारी आर.एस. नेगी ने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था पूर्णतः अस्थायी है। विद्यालय में नियमित नियुक्ति सीधी भर्ती, पदोन्नति अथवा स्थानान्तरण के माध्यम से होने पर अतिथि शिक्षकों की यह व्यवस्था स्वतः समाप्त हो जाएगी।
अतिथि शिक्षकों को शिक्षण कार्य के लिए प्रतिमाह 25,000 रुपये का नियत मानदेय अनुमन्य होगा। संबंधित शिक्षकों को एक सप्ताह के भीतर विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
छात्राओं द्वारा शिक्षकों की कमी को लेकर आवाज उठाए जाने के बाद 7 अतिथि शिक्षकों की तैनाती से विद्यालय की पढ़ाई व्यवस्था को फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, विद्यालय में शिक्षकों के सभी रिक्त पदों पर नियमित नियुक्ति की मांग अब भी अहम बनी हुई है।









