
रामनगर, प्रेस 15 न्यूज। वन्य प्राणी सप्ताह के अवसर पर प्यारेलाल नंदकिशोर गलवलिया राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामनगर में वन्यजीव संरक्षण को लेकर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। वाइल्ड लाइफ आर्ट गैलरी के संचालक दीप राजवार की ओर से आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वन्यजीवों की सुरक्षा का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के ट्रस्टी एवं समाजसेवी गुंजन तिवारी ने किया। इस अवसर पर गिरीश पढ़ालनी भी मौजूद रहे। गुंजन तिवारी ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि वन्यजीव केवल जंगलों की संपदा नहीं, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन का महत्वपूर्ण आधार हैं।
उन्होंने बच्चों को वन्यजीवों के महत्व, प्रकृति संरक्षण और मानव जीवन के साथ उनके संबंध के बारे में जानकारी दी तथा संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
रैली में वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ कालाढूंगी थाना प्रभारी अरुण सैनी और रेंजर मेहरा भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बच्चों को वन्यजीवों की सुरक्षा, जंगलों और पर्यावरण के संरक्षण तथा वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील व्यवहार के बारे में जानकारी दी।
बच्चों ने रैली के माध्यम से वन्यजीवों को बचाने और प्रकृति के संरक्षण का संदेश दिया। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाना रहा।
सेवा कार्यों को समाज से जोड़ने की पहल
पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के ट्रस्टी गुंजन तिवारी पिछले कुछ समय से कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ, स्वरोजगार, खेलकूद को बढ़ावा देने, नशामुक्ति के प्रति जागरूकता और महिलाओं के उत्थान से जुड़े विभिन्न सेवा प्रकल्पों से जुड़े हैं।
ग्रामीण और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को शिक्षा एवं खेलों से जोड़ने के साथ युवाओं को नशे से दूर रखने तथा स्वरोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करने की दिशा में भी फाउंडेशन की ओर से गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी यह पहल भी इसी सामाजिक सोच का हिस्सा रही, जिसमें बच्चों को सहभागी बनाकर प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। आयोजन में बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत जागरूकता और संवेदनशीलता से ही होती है।









