लालच में फंसी मेहनत की कमाई, पौड़ी का जालसाज बिमल रावत हल्द्वानी में गिरफ्तार 

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। मेहनत की कमाई को बिना जांच-पड़ताल शॉर्टकट में दोगुना करने का लालच लोगों को सीधे ठगी के जाल में धकेल देता है। हल्द्वानी के डहरिया क्षेत्र में स्थित GMFX GLOBAL LIMITED से जुड़ा यह मामला इसी सच्चाई की कड़वी मिसाल है।

जल्दी अमीर बनने की चाहत ने निवेशक को भारी नुकसान में डाल दिया, जबकि आरोपी ने भरोसे का फायदा उठाकर लाखों रुपये हड़प लिए। कुछ दिन पहले कमिश्नर दीपक रावत जालसाज के दफ्तर में जांच को पहुंचे थे।

Ad

मामले के अनुसार, कपिल कॉलोनी बड़ी मुखानी निवासी पार्थ परासर ने शिकायत में बताया कि GMFX GLOBAL LIMITED कंपनी के मालिक बिमल रावत पुत्र भोला सिंह रावत तथा उनकी पत्नी रुबी रावत ने एक निवेश योजना के तहत 25 से 30 महीनों में रकम दोगुना करने का भरोसा दिया। बाजार ट्रेडिंग में निवेश कर अधिक मुनाफा दिलाने की बात कहकर नवंबर और दिसंबर 2024 में दो किश्तों में कुल 10 लाख रुपये निवेश कराए गए। इसके बदले प्रतिमाह 8 प्रतिशत ब्याज देने का वादा किया गया।

आरोप है कि निवेश के बाद शिकायतकर्ता को केवल 1 लाख 90 हजार रुपये मूलधन और इतनी ही राशि ब्याज के रूप में लौटाई गई, जबकि शेष 8 लाख 10 हजार रुपये वापस नहीं किए गए। पीड़ित का आरोप है कि यह पूरी योजना शुरू से ही धोखाधड़ी की नीयत से बनाई गई थी और पैसा हड़पने के बाद संपर्क टालना शुरू कर दिया गया।

शिकायत के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान बिमल रावत को तलब कर गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में अन्य संभावित पीड़ितों और इस निवेश योजना से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

यह मामला उन लोगों के लिए कड़ी चेतावनी है, जो बिना किसी वैधानिक दस्तावेज, सरकारी अनुमति या ठोस जांच के दोगुना मुनाफा जैसे झूठे वादों में फंसकर अपनी जीवनभर की कमाई किसी के हवाले कर देते हैं। शॉर्टकट में पैसा कमाने की आदत अक्सर भारी नुकसान का कारण बनती है।

आरोपी की कुंडली

बिमल रावत, पुत्र भोला सिंह रावत, उम्र 38 वर्ष निवासी: गोकुल धाम सोसाइटी, नियर ईको टाउन, थाना मुखानी, नैनीताल, मूल निवासी ग्राम रघुली, थाना पौड़ी, जिला पौड़ी गढ़वाल

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
1
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें