
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। हल्द्वानी की रामपुर रोड पर स्थित अमेजन के गोदाम में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई। आग इतनी भयावह थी कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त अभियान चलाकर आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11:50 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि रामपुर रोड स्थित अमेज़न के गोदाम में अचानक आग भड़क गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं।
गोदाम में आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी। पुलिस और फायर सर्विस के जवानों ने कड़ी मशक्कत और समन्वित प्रयासों से आग को फैलने से रोका तथा कई घंटों के अभियान के बाद उस पर पूरी तरह काबू पा लिया।
आग बुझने के बाद जब गोदाम के भीतर सर्च ऑपरेशन चलाया गया तो वहां कार्यरत दो कर्मचारियों के शव बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत गंभीर रूप से झुलसने और अत्यधिक धुएं के कारण दम घुटने से होना सामने आया है।
मृतकों की पहचान नरेन्द्र प्रसाद (35 वर्ष), पुत्र सदी राम, निवासी बागजाला, गोलापार तथा अमित आर्य (25 वर्ष), पुत्र प्रताप राम, निवासी पंचायत घर के पास, रामपुर रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। वहीं, आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हैं।
फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य है, लेकिन इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन ली हैं और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।









