
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। जहां जज्बा हो सेवा का, वहां पहचान बन जाती है, युवा जब चल पड़ते हैं राह पर, तो मिसाल बन जाती है।” एमबीपीजी कॉलेज के पूर्व छात्र विक्रम सिंह खनी, मुकेश शर्मा और पंकज भट्ट ने यह साबित कर दिया है कि सच्ची मेहनत, अनुशासन और समाज के प्रति समर्पण युवा उम्र में ही बड़ी उपलब्धियों का रास्ता खोल देता है। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स द्वारा इन तीनों युवाओं को प्रतिष्ठित उपराष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान उन युवाओं को प्रदान किया जाता है, जो सामाजिक सेवा, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देते हैं। एमबीपीजी कॉलेज की रोवर एवं रेंजर इकाई से जुड़े रहते हुए इन युवाओं ने शिक्षा के साथ सेवा को अपना लक्ष्य बनाया और समाज के लिए निरंतर कार्य किए।
पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, रक्तदान, आपदा राहत, साक्षरता, नशामुक्ति जागरूकता और सामुदायिक सहयोग जैसे अभियानों में इनकी सक्रिय भूमिका रही। इन कार्यों के माध्यम से इन्होंने न केवल जरूरतमंदों की मदद की, बल्कि युवाओं में सामाजिक चेतना और जिम्मेदारी की भावना भी जागृत की।
इनके समर्पित प्रयासों को देखते हुए एमबीपीजी कॉलेज प्रशासन द्वारा इनके नाम उपराष्ट्रपति पुरस्कार के लिए प्रस्तावित किए गए। विस्तृत मूल्यांकन के बाद भारत स्काउट्स एंड गाइड्स ने इनके योगदान को उच्च कोटि का मानते हुए यह सम्मान प्रदान किया। यह पुरस्कार इनके निरंतर परिश्रम और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है।
विशेष उल्लेखनीय है कि मुकेश शर्मा और पंकज भट्ट इससे पूर्व राष्ट्रपति पुरस्कार से भी सम्मानित हो चुके हैं। राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति, दोनों स्तरों पर सम्मान प्राप्त करना इन युवाओं की सेवा-यात्रा की निरंतरता और उत्कृष्टता को दर्शाता है।
इन युवाओं की इस उपलब्धि से न केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान बढ़ा है, बल्कि एमबीपीजी कॉलेज और उसकी रोवर-रेंजर इकाई का नाम भी रोशन हुआ है। वर्तमान छात्र-छात्राओं के लिए ये तीनों युवा यह संदेश हैं कि डिग्री के साथ दृष्टि और उद्देश्य भी बड़ा होना चाहिए।
भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का यह सम्मान यह सिद्ध करता है कि जब युवा सेवा, अनुशासन और मानवीय मूल्यों को जीवन का आधार बनाते हैं, तो वे स्वयं नहीं, बल्कि पूरे समाज का भविष्य उज्ज्वल करते हैं। विक्रम सिंह खनी, मुकेश शर्मा और पंकज भट्ट की यह उपलब्धि हर युवा के लिए प्रेरणा है।
प्रेस 15 न्यूज की पूरी टीम की ओर से विक्रम सिंह खनी, मुकेश शर्मा और पंकज भट्ट को उज्जवल भविष्य की ढेर सारी शुभकामनाएं…









