हल्द्वानी दहला: सत्ता के नशे में पार्षद ने चलाई गोली, युवक की मौके पर मौत

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। हल्द्वानी में कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए रामपुर रोड क्षेत्र में रविवार रात खून बहा दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी पार्षद और भाजपा मंडल उपाध्यक्ष पहले भी मारपीट, दबंगई और झगड़ों के मामलों में घिर चुका है।

इसी मंडल उपाध्यक्ष और वार्ड 55 के पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू से जुड़े पुराने मामलों को लेकर पहले भी कोतवाली परिसर के बाहर राजनीतिक विरोध, नारेबाजी और धरना प्रदर्शन हो चुका है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर हमेशा सवाल खड़े होते रहे हैं। खुद विधायक बंशीधर भगत इस पार्षद के हक में कोतवाली के बाहर धरने पर बैठे थे।

Ad

आरोप है कि वार्ड पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू ने अपने ही आवास के बाहर 22 वर्षीय युवक नितिन लोहनी पर गोली चला दी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस वारदात ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया है।

मृतक की पहचान मूलरूप से ओखलकांडा के ढोलीगांव और वर्तमान में जज फार्म निवासी नितिन लोहनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच कुछ दिन पहले हुआ विवाद सुलगती रंजिश में बदल गया और आखिरकार सत्ता के प्रभाव में की गई यह फायरिंग एक युवक की जान ले गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पार्षद को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, वहीं पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

मृतक के करीबी दोस्त और घटना के प्रत्यक्षदर्शी कमल भंडारी ने पुलिस को बताया कि देर रात वह और नितिन गौलापार से लौट रहे थे। इसी दौरान नितिन ने पार्षद अमित बिष्ट से मिलने की बात कही, जिसके बाद दोनों सीधे पार्षद के आवास पहुंचे। गेट पर घंटी बजाने के कुछ ही देर बाद जो हुआ, उसने सब कुछ बदल दिया।

प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, पार्षद अमित बिष्ट हाथ में असलहा लेकर गेट पर आया और दोनों युवकों पर बंदूक तान दी। माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी दौरान आरोपी पार्षद ने पहला फायर जमीन पर किया। गोली की आवाज से घबराकर नितिन वहां से भागने लगा, लेकिन तभी पार्षद ने उस पर सीधा फायर झोंक दिया।

गोली लगते ही नितिन पास की नाली में जा गिरा। कमल जब उसे बचाने आगे बढ़ा तो मौके पर कई अन्य लोग भी हथियारों के साथ पहुंच गए। हालात बिगड़ते देख कमल किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला।

घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोग पूछ रहे हैं कि अगर जनप्रतिनिधि ही हथियार उठाएंगे, तो आम आदमी की सुरक्षा कौन करेगा? यह वारदात सीधे तौर पर सत्ता, कानून और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल है।

What’s your Reaction?
+1
2
+1
0
+1
0
+1
1
+1
1

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें