हल्द्वानी: (दुखद) सुशीला तिवारी अस्पताल के पास कार में मिला बैंक्वेट हॉल स्वामी अरुण बिष्ट का शव

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। शहर में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब रामपुर रोड सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय के समीप खड़ी एक कार के भीतर 32 वर्षीय युवक मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान बरेली रोड स्थित बैंक्वेट हॉल के स्वामी अरुण बिष्ट के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे अस्पताल के पास एक कार लंबे समय से खड़ी दिखाई दी, जिसके सभी शीशे बंद थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजे लॉक होने के कारण कार को खोलकर युवक को बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि कार का एसी चालू था और अंदर बैठे युवक का शरीर ठंडा पड़ चुका था।

Ad

युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में कार के भीतर लंबे समय तक बंद वातावरण में रहने से दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार बंद कार में ऑक्सीजन की कमी या गैस के प्रभाव से ऐसी स्थिति बन सकती है। फॉरेंसिक टीम ने वाहन से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और तकनीकी जांच जारी है।

पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है और मृतक के परिजनों से भी जानकारी ली जा रही है। शहर के प्रमुख व्यवसाई की अचानक हुई मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
1
+1
4

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें