
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। स्वास्थ्य सुविधाओं को आम लोगों की पहुंच तक पहुंचाने की दिशा में पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन की ओर से एक और सराहनीय पहल की जा रही है।
कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के कठघरिया स्थित ग्राम बजूनिया हल्दू के रामकृष्ण धाम में 20 सितंबर 2026 को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में आंखों की जांच के साथ हड्डी, स्त्री रोग और शुगर समेत सामान्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श मिलेगा।
पूज्य व्यास कपिल देव जी की प्रेरणा से आयोजित इस शिविर में ज्योति नेत्रालय हॉस्पिटल की ओर से आंखों की निःशुल्क जांच की जाएगी। इसके अलावा वरिष्ठ आर्थो सर्जन डॉ. संदीप सिंह, वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अदिति अरोड़ा तथा जनरल फिजीशियन एवं शुगर रोग विशेषज्ञ डॉ. एचपी पटेल मरीजों को स्वास्थ्य परामर्श देंगे।
पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के ट्रस्टी एवं समाजसेवी गुंजन तिवारी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और जांच की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि जरूरतमंद लोगों को प्राथमिक स्तर पर ही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी और उचित मार्गदर्शन मिल सके। इस दौरान आवश्यक दवाओं का भी निशुल्क वितरण किया जाएगा।
शिविर का आयोजन 20 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रामकृष्ण धाम, ग्राम बजूनिया हल्दू, कठघरिया में किया जाएगा। समाजसेवी गुंजन तिवारी ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
शिविर के सफल आयोजन की तैयारियों में ग्राम प्रधान दिनेश जोशी और गीता डोगरा भी सहयोगी बने हैं।









