Haldwani: दो माह से खुदी रामपुर रोड पर फूटा जनाक्रोश, पूछा- आखिर किस बड़े हादसे का इंतजार कर रहा सिस्टम?

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। दो महीने से खुदी पड़ी रामपुर रोड अब लोगों के लिए सड़क नहीं, बल्कि मुसीबत का रास्ता बन चुकी है। रोजाना उड़ती धूल, घंटों का जाम, जानलेवा गड्ढे और लगातार हो रहे हादसों के बीच जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठे हैं।

आखिर प्रशासन, जल निगम और ठेकेदार किस बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं? इसी सवाल के साथ मंगलवार को क्षेत्रवासियों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा और समाजसेवी विशाल वर्मा व पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया।

Ad

पर्यटन सीजन के बीच हल्द्वानी की व्यस्ततम रामपुर रोड पिछले दो महीनों से खुदी पड़ी है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढे, उड़ती धूल, घंटों लंबा जाम और लगातार हो रहे हादसों से परेशान क्षेत्रवासियों का आक्रोश बुधवार को फूट पड़ा।

समाजसेवी विशाल वर्मा एवं पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने जल निगम, प्रशासन और संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर शीघ्र सड़क मरम्मत की मांग उठाई।

पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने कहा कि रामपुर रोड पर पानी की टंकी से गली नंबर-9 तक जल निगम द्वारा पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य लगभग दो माह पूर्व पूरा कर लिया गया है, लेकिन इसके बावजूद खोदी गई सड़क को अब तक गड्ढामुक्त नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और राहगीरों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि रामपुर रोड पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक गुजरते हैं। सड़क खुदी होने के कारण घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे यात्रियों के साथ-साथ क्षेत्र की माताओं, बहनों, बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धूल-मिट्टी के कारण लोगों में बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

समाजसेवी विशाल वर्मा ने कहा कि जल निगम ने पाइपलाइन डालने के नाम पर रामपुर रोड हाईवे को दो माह से खोदकर छोड़ दिया है। सड़क पर बने जानलेवा गड्ढों के कारण कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन संबंधित विभाग और ठेकेदार मरम्मत कार्य कराने के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि शहर में पूर्व में भी गड्ढों के कारण लोगों की जान जा चुकी है, इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करते दिखाई दे रहे हैं।

अंजलि वर्मा ने कहा कि रामपुर रोड से आम आदमी के अलावा हर दिन प्रदेश स्तर के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय अधिकारियों का नियमित आवागमन होता है। इसके बावजूद सड़क की बदहाली पर ध्यान नहीं दिया जाना चिंताजनक है।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन एवं संबंधित विभागों से तत्काल गड्ढे भरकर सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र की माताओं, बहनों, बुजुर्गों और युवाओं के साथ व्यापक आंदोलन एवं धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान विशाल वर्मा, अंजलि वर्मा, शिवम वर्मा, संजीव, अतुल राजपाल, वीरेंद्र जोशी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

What’s your Reaction?
+1
2
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें