
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के पर्यटन, आतिथ्य एवं होटल प्रबंधन विद्यालय द्वारा कॉमनवेल्थ एजुकेशनल मीडिया सेंटर फॉर एशिया (सीईएमसीए), नई दिल्ली के सहयोग से “हॉस्पिटैलिटी, उद्यमिता एवं रोजगारपरकता” विषय पर एक दिवसीय कौशल विकास कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में युवाओं को पर्यटन एवं होमस्टे क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के साथ कौशल आधारित शिक्षा के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।
यह कार्यशाला एनसीवीईटी से अनुमोदित “असिस्टेंट होमस्टे मैनेजर (एनएसक्यूएफ लेवल-5)” योग्यता पैक के अनुरूप आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन केंद्र (सीआईक्यूए) के निदेशक प्रो. गिरिजा प्रसाद पाण्डे ने की, जबकि कार्यक्रम का संरक्षण कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को असिस्टेंट होमस्टे मैनेजर पाठ्यक्रम की संरचना, उपयोगिता और इसके माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं से अवगत कराना था। विशेषज्ञों ने बताया कि उत्तराखण्ड जैसे पर्यटन प्रधान राज्य में होमस्टे आधारित उद्यमिता युवाओं के लिए आत्मनिर्भर बनने का सशक्त माध्यम बन सकती है।

कार्यक्रम में इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम), देहरादून के प्रधानाचार्य डॉ. शिव मोहन तथा जी.बी. पंत इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, हल्द्वानी के निदेशक डॉ. आदर्श पंत ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को हॉस्पिटैलिटी उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं, होमस्टे प्रबंधन, उद्यमिता, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों और कौशल विकास की बदलती जरूरतों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और विश्वविद्यालय कुलगीत के साथ हुआ। कार्यशाला की रूपरेखा एवं उद्देश्य डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने प्रस्तुत किए।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. गिरिजा प्रसाद पाण्डे ने कहा कि कौशल आधारित शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि होमस्टे आधारित पर्यटन उत्तराखण्ड की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम में पर्यटन विद्यालय के निदेशक प्रो. एम.एम. जोशी, व्यावसायिक अध्ययन विद्यालय के निदेशक प्रो. आशुतोष कुमार भट्ट, निदेशक (अकादमिक) प्रो. पी.डी. पंत, डॉ. अखिलेश सिंह, डॉ. विशाल कुमार शर्मा, डॉ. आशीष टम्टा, डॉ. गोपाल दत्त, डॉ. सुधीर नौटियाल, डॉ. विवेक ममगाई, सुश्री प्रिया बोरा, सुश्री रिया गिरी सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन पर्यटन, आतिथ्य एवं होटल प्रबंधन विद्यालय द्वारा किया गया, जबकि अंत में प्रो. पी.डी. पंत ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।









