हल्द्वानी: कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं से मारपीट, वारंटी गिरफ्तार, अब बैरिकेडिंग से होगी एंट्री

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। न्यायालय परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक वारंटी ने दिनदहाड़े अधिवक्ताओं के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद वकीलों में भय का माहौल बन गया, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने का फैसला लिया गया है।

हल्द्वानी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट की अगुवाई में बार का प्रतिनिधिमंडल एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल से मिला और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

Ad

बताया गया कि 23 अप्रैल को न्यायालय परिसर में वारंटी दिनेश सिंह रावत ने अधिवक्ता एसडी जोशी के साथ मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे अधिवक्ता चंद्रशेखर जोशी को भी उसने दांत से काट लिया और नाखूनों से बुरी तरह घायल कर दिया।

घटना के बाद मौजूद अधिवक्ताओं ने किसी तरह आरोपी को परिसर से बाहर किया, लेकिन वह गेट के पास ही घूमता रहा और गाली-गलौज करता रहा। सूचना पर भोटिया पड़ाव चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर चली गई।

इस घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और वकीलों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए 24 अप्रैल से नई व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। इसके तहत अब न्यायालय परिसर में बैरिकेडिंग के जरिए प्रवेश होगा, जहां दो पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। केवल अधिवक्ताओं और कर्मचारियों के वाहनों को ही परिसर में प्रवेश की अनुमति होगी, जबकि अन्य वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने अधिवक्ताओं से इस व्यवस्था में सहयोग की अपील भी की है।

आरोपी भेजा गया जेल

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शाम को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

ये रहे मौजूद

प्रतिनिधिमंडल में सचिव मोहन सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष ललित सिंह मेर, उप सचिव सुधांशु तिवारी, कोषाध्यक्ष गौरव कपूर, उप सचिव (प्रेस) भानू कब्डाल, सदस्य राकेश कुकरेती, एस.डी. जोशी व योगेश्वरी सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें