
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर साबित करते हुए लामाचौड़ स्थित आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल (एपीएस) ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा जेईई एडवांस्ड-2026 में शानदार सफलता हासिल की है।
विद्यालय के मेधावी छात्र नैतिक जोशी और कार्तिक भट्ट ने जेईई एडवांस्ड परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय, अपने अभिभावकों तथा पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इससे पहले दोनों विद्यार्थियों ने जेईई मेन परीक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था।
परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल है। विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने इस उपलब्धि पर एक-दूसरे को बधाई दी।
नैतिक और कार्तिक ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के सहयोग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और नियमित एवं समर्पित अध्ययन को दिया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति दृढ़ निष्ठा से किसी भी चुनौती को सफलता में बदला जा सकता है।
विद्यालय के प्रबंधक भुवन चंद्र उपाध्याय ने दोनों छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता केवल दो विद्यार्थियों की उपलब्धि नहीं, बल्कि विद्यालय की शैक्षणिक संस्कृति, शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों के विश्वास का भी परिणाम है।
उन्होंने कहा कि एपीएस का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता दिलाना नहीं, बल्कि ऐसे जिम्मेदार, आत्मविश्वासी और सक्षम नागरिक तैयार करना है जो जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल कर सकें।
उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर परिश्रम, सकारात्मक सोच, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। यदि विद्यार्थी अपने सपनों को पाने के लिए ईमानदारी से प्रयास करें तो कोई भी मंजिल दूर नहीं रहती।
विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकों एवं समस्त विद्यालय परिवार ने दोनों छात्रों और उनके अभिभावकों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी।









