
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। सेवा को संकल्प और समाज को परिवार मानकर कार्य कर रहे पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के संस्थापक समाजसेवी गुंजन तिवारी आज कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। नशामुक्ति, स्वरोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े उनके जनहितकारी अभियान उन्हें क्षेत्र के सबसे सक्रिय युवा समाजसेवियों की अग्रिम पंक्ति में खड़ा करते हैं।
कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में समाजसेवा की एक अलग पहचान बना चुके पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के संस्थापक एवं समाजसेवी गुंजन तिवारी आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं।
नशे के खिलाफ युवाओं को जागरूक करने के लिए “नशा छोड़ो, खेल से नाता जोड़ो” अभियान, युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु ब्याज मुक्त ऋण योजना, निशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन, विद्यालयों में पठन-पाठन सामग्री एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता जैसे अनगिनत जनकल्याणकारी प्रयासों ने उन्हें हल्द्वानी और कालाढूंगी क्षेत्र में लोगों के बीच एक भरोसेमंद नाम बना दिया है।
इन्हीं सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाते हुए शनिवार को देवलचौड़ स्थित वरिष्ठ समाजसेवी जगदीश चंद्र शर्मा के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गुंजन तिवारी ने क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षिक एवं युवा हितों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में भैरव शर्मा, हरीश शर्मा, जैविक प्रशिक्षक अनिल पांडे, गिरीश पढ़ालनी सहित क्षेत्र के अनेक युवा साथी उपस्थित रहे। सभी ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।
बैठक के उपरांत गुंजन तिवारी एवं उनके सहयोगी शिव शक्ति मंदिर, काठगोदाम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल हुए। वहां उन्होंने परम पूज्य श्री कपिल देव जी महाराज के श्रीमुख से प्रवाहित श्रीमद्भागवत कथा का श्रद्धापूर्वक श्रवण कर आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त की।
गुंजन तिवारी ने कहा कि समाज सेवा और अध्यात्म दोनों ही मानव जीवन को नई दिशा देने का कार्य करते हैं। सामाजिक चेतना, संस्कार और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक सहभागिता आवश्यक है।









