
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
नगर मजिस्ट्रेट एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी हल्द्वानी एपी बाजपेयी की अध्यक्षता में तहसील स्थित एनआईसी सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों और उनके अधिकृत बीएलए-2 प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्चुअल माध्यम से अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने भी प्रतिभाग किया।
बैठक के दौरान नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) के शेड्यूल और दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी।
उन्होंने कहा कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और पारदर्शी बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान अधिकार से वंचित न रहे। साथ ही मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाकर निर्वाचन नामावली को अधिक शुद्ध और विश्वसनीय बनाया जा सके।
नगर मजिस्ट्रेट ने सभी राष्ट्रीय राजनीतिक दलों से 25 मई तक शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने की अपील की। उन्होंने बताया कि हल्द्वानी विधानसभा के 183 पोलिंग स्टेशनों के सापेक्ष कांग्रेस ने 127 तथा भाजपा ने 178 बीएलए नियुक्त किए हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची की शुद्धता बेहद आवश्यक है और इसके लिए सभी राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। प्रशासन द्वारा एसआईआर कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया।
अपर जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने भी सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक बूथ पर जल्द बीएलए नियुक्त करने का अनुरोध किया।
उत्तराखंड में एसआईआर कार्यक्रम का शेड्यूल:
पात्रता तिथि: 01 जुलाई 2026
प्रशिक्षण एवं तैयारी: 29 मई से 07 जून 2026
बीएलओ का घर-घर सत्यापन: 08 जून से 07 जुलाई 2026
मतदान केंद्रों का युक्तिकरण: 07 जुलाई 2026
मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन: 14 जुलाई 2026
दावे एवं आपत्तियां: 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026
निस्तारण प्रक्रिया: 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026
अंतिम मतदाता सूची प्रकाशन: 15 सितंबर 2026
बैठक में तहसीलदार कुलदीप पांडेय, कांग्रेस से गोविंद सिंह बगडवाल और गिरीश चंद्र पांडेय, भाजपा से मनीष कुमार पाल, बसपा से शिव गणेश, आम आदमी पार्टी से अब्दुल कादिर तथा यूकेडी से हरीश जोशी और गिरीश तिवारी मौजूद रहे।
वहीं, NIC सभागार में एसआईआर के संबंध में नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एपी बाजपेयी की अध्यक्षता में जनपद के विधानसभा क्षेत्र 59 हल्द्वानी के बूथ लेबल अधिकारियों को प्रेजेंटेशन के माध्यम से मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया एवं दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई।
यह प्रशिक्षण विगत 21 मई से तीन बैंचों में आयोजित किया गया, जिसका आज अंतिम सत्र आयोजित किया गया।
इस प्रशिक्षण में बूथ लेवल अधिकारियों के साथ-साथ बीएलओ सुपरवाइजर तथा राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट एवं बूथ लेवल अधिकारियों के साथ सहायता के लिए लगाए गए NSS के वॉलिंटियर्स द्वारा भी प्रतिभाग किया गया।
नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने कहा कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र एवं वैध मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची से हटाए जाएं। उन्होंने कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं तक यह जानकारी पहुंचाएं कि एसआईआर की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि 01 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे। इसके लिए 07 जून से 08 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर फार्म वितरित करेंगे तथा मतदाता द्वारा भरे गए फार्म पुनः प्राप्त करेंगे।
उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, जिसके बाद दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई की जाएगी। अंतिम मतदाता सूची 15 सितम्बर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में तहसीलदार कुलदीप पांडे, गिरीश तिवारी सहित अन्य सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं बीएलओ उपस्थित रहे।









