
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल जिले में बिना वैध पंजीकरण संचालित हो रहे होम स्टे और पर्यटन इकाइयों पर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देश पर उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने रविवार को हल्द्वानी क्षेत्र के अंतर्गत संचालित होम स्टे इकाइयों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान काठगोदाम क्षेत्र स्थित आनंदम होमस्टे, कुमाऊं द्वार होमस्टे और बिस्ट जी होमस्टे की जांच की गई।
इस दौरान आनंदम होमस्टे और बिस्ट जी होमस्टे बिना वैध पंजीकरण के संचालित होते पाए गए। एसडीएम ने मौके पर साफ-सफाई, आगंतुक पंजीकरण रजिस्टर, अभिलेखों और अन्य व्यवस्थाओं का भी गहन निरीक्षण किया।
उपजिलाधिकारी ने संबंधित संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए तत्काल नियमानुसार पंजीकरण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि वैध पंजीकरण होने तक होम स्टे का संचालन नहीं किया जाएगा। भविष्य में बिना पंजीकरण संचालन करते पाए जाने पर संबंधित इकाइयों को सील कर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कुछ होम स्टे मौके पर बंद मिले, जबकि कुछ संचालक अनुपस्थित पाए गए। एसडीएम प्रमोद कुमार ने कहा कि जनपद और हल्द्वानी क्षेत्र में बिना पंजीकरण संचालित हो रहे होम स्टे और अन्य पर्यटन इकाइयों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने सभी संचालकों से शासन द्वारा निर्धारित मानकों और नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।









