
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। 79 यूके बटालियन एनसीसी, नैनीताल द्वारा रानीबाग में 21 से 30 सितंबर 2026 तक संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC) का आयोजन किया जा रहा है।
कैडेट्स में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता, संचार कौशल, टीम भावना और मानसिक दृढ़ता विकसित करने के उद्देश्य से गौलापार में 120 कैडेट्स के लिए एसएसबी प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास एवं नेतृत्व प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का संचालन कर्नल डीके रावत एवं उनकी टीम द्वारा किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को साक्षात्कार, ओआईआर परीक्षा, स्क्रीनिंग, पीपीडीटी, समूह चर्चा और जीटीओ श्रृंखला के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का अभ्यास कराया जा रहा है।
जीटीओ श्रृंखला में समूह कार्य, समूह योजना, प्रगतिशील समूह कार्य, अर्ध समूह कार्य, कमान कार्य और व्यक्तिगत बाधा दौड़ जैसी गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने और समस्या समाधान के कौशल को विकसित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के साथ साहसिक गतिविधियों पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके अंतर्गत जुमारिंग, रॉक क्लाइंबिंग, राफ्टिंग और रैपलिंग जैसी गतिविधियां कराई जा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स में साहस, आत्मविश्वास, जोखिम प्रबंधन, धैर्य और टीम भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशिक्षण में शामिल 120 कैडेट्स सभी गतिविधियों में उत्साह और अनुशासन के साथ प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से कैडेट्स के व्यक्तित्व को निखारने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता और अधिकारी जैसी गुणों का विकास किया जा रहा है। इससे कैडेट्स को भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास और बेहतर निर्णय क्षमता के साथ सामना करने के लिए तैयार किया जा रहा है।









