पूर्व सैनिकों के लिए खुशखबरी, अब जिला अस्पताल में मिलेगी ECHS की सुविधा

खबर शेयर करें -

चम्पावत, प्रेस 15 न्यूज। जिले के पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं, सेवारत सैनिकों के आश्रितों और ECHS कार्डधारकों के लिए राहत की खबर है। भारत सरकार की एक्स-सर्विसमैन कंट्रीब्यूटरी हेल्थ स्कीम (ECHS) के तहत अब जिला चिकित्सालय चम्पावत में भी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। लंबे समय से चली आ रही इस मांग को लेकर सैनिक संगठन लगातार प्रयासरत थे।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह ने बताया कि ECHS के तहत जिले के पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं एवं सैनिक आश्रितों को जिला चिकित्सालय में निर्धारित स्वास्थ्य सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध होंगी। इसके लिए ECHS के रीजनल सेंटर बरेली और जिला चिकित्सालय के बीच अनुबंध भी हो चुका है।

Ad

उन्होंने बताया कि अब पासवर्ड, यूजर आईडी तथा बिलिंग प्रक्रिया से संबंधित औपचारिकताएं पूरी की जानी हैं। बिलिंग प्रोसेसिंग एजेंसी (BPA), मुंबई से आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह सुविधा शुरू हो जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो से तीन सप्ताह के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी।

कर्नल उमेद सिंह के अनुसार, इस सुविधा का जिले के करीब छह हजार से अधिक पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। ECHS कार्डधारक यदि जिले से बाहर किसी अन्य स्थान पर बीमार पड़ते हैं तो वे भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत ECHS की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

जिला पूर्व सैनिक लीग के जिलाध्यक्ष कैप्टन आईएस देव एवं कैप्टन रघुवीर सिंह ने इस सुविधा के लिए सेना के अधिकारियों, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जिलाधिकारी मनीष कुमार तथा जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह के प्रति आभार जताया है।

उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में ECHS सुविधा शुरू होने से पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को इलाज के लिए दूसरे शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
1
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें