
चम्पावत, प्रेस 15 न्यूज। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। शासन की स्वीकृति के बाद चम्पावत जिले के चार विद्यालयों का उच्चीकरण किया जाएगा।
लोहाघाट विधानसभा के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पासम को हाईस्कूल, जबकि राजकीय हाईस्कूल सल्ली, पल्सो और डूंगरालेटी को इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत किया जाएगा।
विद्यालयों के उच्चीकरण के साथ आवश्यक शिक्षकीय एवं प्रशासनिक पद भी सृजित किए गए हैं। इससे विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर विषयवार शिक्षकों के साथ बेहतर शैक्षिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि इस फैसले से ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को कक्षा आठ और हाईस्कूल के बाद दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे आवागमन का खर्च और समय बचने के साथ ही विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा में निरंतरता बनी रहेगी और ड्रॉपआउट कम करने में मदद मिलेगी।
सरकार के इस निर्णय से चम्पावत के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के अवसर बढ़ने के साथ ही स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की राह मजबूत होने की उम्मीद है।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)









