
काशीपुर/ हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या मामले में उधमसिंह नगर पुलिस की कार्यशैली उजागर होने के बाद अब 26 लोगों के खिलाफ थाना आईटीआई में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 और 318(4) के तहत नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
इससे पूर्व मामले में लापरवाही के आरोपों के चलते आईटीआई थानाध्यक्ष कुंदन सिंह रौतेला, एसआई प्रकाश बिष्ट सहित पैगा चौकी के 10 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया जा चुका है।
इसके बावजूद यह सवाल लगातार उठ रहा है कि जब मृतक किसान सुखवंत सिंह ने उधम सिंह नगर के एसएसपी पर भी गंभीर आरोप लगाए थे, तो अब तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
जमीन सौदे में करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोप
मृतक के भाई परविंदर सिंह पुत्र तेजा सिंह, निवासी ग्राम पैगा मंदिर फार्म, कोतवाली आईटीआई ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने और उनके भाई सुखवंत सिंह ने बलवंत सिंह उर्फ काला एवं कुलवंत सिंह बक्सौरा, कुंडा से लगभग 7 एकड़ भूमि खरीदी थी। बाद में उक्त लोगों ने बताया कि यह भूमि पहले ही प्रॉपर्टी डीलर अमरजीत सिंह, आशीष चौहान और कुलविंदर सिंह को बेची जा चुकी है तथा सौदा उन्हीं से करने को कहा गया।
इसके बाद परविंदर सिंह और सुखवंत सिंह ने अमरजीत सिंह, आशीष चौहान उर्फ पटवारी और कुलविंदर सिंह से 34 लाख रुपये प्रति एकड़ की दर से 6.84 एकड़ भूमि खरीदने का सौदा किया। रजिस्ट्री के दिन 50 लाख रुपये देने की बात तय हुई, लेकिन आरोप है कि बलवंत सिंह उर्फ काला और उसके भाई ने रजिस्ट्री नहीं कराई।
आरोप है कि पीड़ितों ने आरोपियों के खातों में कुल 1 करोड़ 2 लाख रुपये ट्रांसफर किए और नकद मिलाकर कुल 2 करोड़ 80 लाख रुपये दिए। इस तरह कुल 3 करोड़ 82 लाख रुपये की राशि हड़प ली गई, लेकिन न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और न ही रकम वापस की गई।
मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर की आत्महत्या
तहरीर के अनुसार, लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से तंग आकर किसान सुखवंत सिंह ने 10 जनवरी 2026 की रात हल्द्वानी स्थित देवभूमि होटल के एक कमरे में कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
मृतक के भाई ने आरोप लगाया है कि अमरजीत सिंह, दिव्या, रविंद्र कौर, लवप्रीत कौर, कुलविंदर सिंह उर्फ जस्सी, हरदीप कौर, आशीष चौहान, उसकी पत्नी गिरवर सिंह, महीपाल सिंह, शिवेंद्र सिंह, विमल एवं उसकी पत्नी, देवेंद्र, राजेंद्र, गुरप्रीत सिंह, जगपाल सिंह, जगवीर राय, मनप्रीत कलसी, अमित, मोहित, सुखवंत सिंह पन्नू, वीरपाल सिंह पन्नू, बलवंत सिंह बक्सौरा, बिजेंद्र, पूजा और जहीर गड्ढा कॉलोनी द्वारा की गई धोखाधड़ी और उत्पीड़न के चलते ही उनके भाई ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
पीड़ित परिवार ने उपरोक्त सभी आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।









