
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। सरकारी अधिकारी बनकर रौब दिखाना एक युवक को भारी पड़ गया। हल्द्वानी में 24 वर्षीय युवक फर्जी आईबी अधिकारी बनकर नीली बत्ती लगी कार में घूम रहा था। कार पर ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगा था और रौब दिखाने के लिए उसने पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन भी रखी हुई थी। संदिग्ध गतिविधियों के बाद हुई जांच में उसकी फर्जी पहचान और दस्तावेजों का खुलासा हुआ।
मामला 12 सितंबर का है। तिकोनिया चौराहे के पास काठगोदाम की ओर से आ रही हुंडई कार संख्या UP25CS 9327 पर लाल-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगा दिखाई दिया। कार चालक ने पूछताछ के दौरान खुद को आईबी अधिकारी बताया और आईडी कार्ड भी प्रस्तुत किया।
जब उससे पद और नियुक्ति से संबंधित जानकारी मांगी गई तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। आईडी कार्ड और दस्तावेजों की सत्यता पर संदेह होने पर कार की तलाशी ली गई। डैशबोर्ड से फर्जी आईबी आईडी कार्ड, इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित फर्जी कागजात, पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन, नीली बत्ती लगी कार और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड मिला।
आरोपी की पहचान मो. मोहासिब खान पुत्र मो. अयूब खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी शाहबाद गेट, मोहल्ला ईदगाह, थाना कोतवाली, जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने रौब दिखाने के उद्देश्य से एयरगन अपने पास रखी थी। उसके पास मौजूद आईबी आईडी कार्ड और संबंधित दस्तावेजों को भी उसने फर्जी बताया।
जांच में प्रथम दृष्टया सामने आया कि आरोपी ने खुद को आईबी अधिकारी/जवान दिखाने के लिए फर्जी आईडी कार्ड और दस्तावेज तैयार कर उनका इस्तेमाल किया। मामले में FIR संख्या 315/2026 के तहत संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।
आम लोगों के लिए सबक: नीली बत्ती, सरकारी बोर्ड या किसी सरकारी विभाग की आईडी देखकर किसी व्यक्ति को अधिकारी मान लेना भारी पड़ सकता है। सरकारी अधिकारी होने का दावा करने वाले किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की पहचान पर संदेह हो तो तत्काल संबंधित विभाग या प्रशासन को सूचना देना जरूरी है।









