
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। सहयोगी के घर ईडी के छापे के बाद बड़ी मात्रा में कैश और जूलरी बरामद होने के बाद उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज कांग्रेस नेता हरीश रावत ने नैतिक तौर पर बड़ी पेशकश कर सबको चौंकाया है।
हरीश रावत ने कहा, आरोप सही निकले तो मेरे लिए बहुत बड़ी शर्मिंदगी की बात
उत्तराखंड कांग्रेस के अंदर पहले से जारी कलह के बीच पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कांग्रेस के पदों से हटने की पेशकश कर चौंका दिया है। हालाकि उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए ये इच्छा जताई है। फिलहाल ऐसा कदम नहीं उठाया है। बीते दिनों ईडी ने उनकी पीए चंदन सिंह जीना के ठिकानों पर छापेमारी करके बड़ी मात्रा में कैश और सोना बरामद किया था।
सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर लंबी पोस्ट लिखते हए उन्होंने इस इस्तीफे की पेशकश की वजह बताई है। रावत ने कहा कि टीवी पर खबरें चल रही हैं कि मेरे सहयोगी के घर से बड़ी मात्रा में कैश और जूलरी मिली है। इसकी सच्चाई जल्द ही सामने आ जाएगी।
उन्होंने कहा कि चंदन सिंह जीना उनके ओएसडी रहे हैं। अगर ओएमआर शीट के साथ छेड़छाड़ या फिर ग्राम सेवक भर्ती परीक्षा में कोई भी गड़बड़ी के सबूत उनके खिलाफ पाए जाते हैं तो यह मेरे लिए शर्मिंदगी की बात होगी। उन्होंने यह भी कहा कि जीना पर लगे आरोपों पर उन्हें भरोसा नहीं है।
उन्होंने लिखा, मुझसे जब भी कोई व्यक्ति पूछता था कि चुनाव कब हो रहे हैं? तो मैं हंसी में उनसे कहता था कि भई चुनाव तब होंगे, जब सीबीआई मेरे दरवाजे पर दस्तक देने आएगी। यदि अभी नहीं आई है तो इसका अर्थ है कि चुनाव अगले वर्ष मार्च-अप्रैल में ही होंगे। लेकिन इस बार मेरे घर पर नहीं, मेरे एक सहयोगी के घर पर दस्तक देकर एक नरेटिव बनाने का प्रयास किया गया है। कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस कार्यकर्ता भ्रष्टाचार के खिलाफ लामबंद होकर लड़ रहे हैं।
राहुल गांधी जी राष्ट्रीय स्तर पर ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा प्रणाली में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं। ऐसे समय में हरीश रावत के किसी भी कृत्य से यदि पार्टी के संघर्ष में कोई कमजोरी आती है, तो मैं ऐसा बिल्कुल नहीं चाहूँगा।
इधर , हरीश रावत ने पूरे मामले में नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पार्टी में विभिन्न पदों की जिम्मेदारी से अलग होने की पेशकश कर राजनीति में बड़ा उदाहरण दिया है। वही, कई न्यूज चैनलों और पोर्टल की खबरों ने ब्रेकिंग न्यूज की जल्दी में उनके कांग्रेस से और विभिन्न पदों से इस्तीफे की खबरें भी चला दी, जो सच नहीं हैं।









