Uttarakhand: ब्रेक फेल होते ही खाई की ओर बढ़ी रोडवेज टेंपो ट्रैवलर, चालक ने पहाड़ से भिड़ाकर बचाई 17 जिंदगियां

खबर शेयर करें -

मसूरी, प्रेस 15 न्यूज। मसूरी-देहरादून मार्ग पर गलोगीधार के पास गुरुवार को उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब उत्तराखंड परिवहन निगम की टेंपो ट्रैवलर के अचानक ब्रेक फेल हो गए।

तेज रफ्तार वाहन को नियंत्रित करना मुश्किल हुआ तो चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे खाई की ओर जाने से रोकने के लिए पहाड़ की तरफ मोड़ दिया। वाहन पहाड़ से टकराकर सड़क पर पलट गया। हादसे में टेंपो ट्रैवलर में सवार 17 यात्री घायल हो गए, जबकि एक यात्री को गंभीर चोटें आई हैं।

Ad

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सड़क के बीचोंबीच टेंपो ट्रैवलर पलटा देख आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए।

स्थानीय लोग भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस की मदद से वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर मसूरी पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

ब्रेक फेल हुए तो खाई की बजाय पहाड़ चुना

चालक के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर मसूरी से देहरादून की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक वाहन के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन रफ्तार अधिक होने के कारण हालात तेजी से बिगड़ने लगे। ऐसे में उसने वाहन को खाई की तरफ जाने से रोकने के लिए पहाड़ की ओर मोड़ दिया।

पहाड़ से जोरदार टक्कर के बाद वाहन सड़क पर पलट गया। चालक का कहना है कि यदि समय रहते वाहन को पहाड़ की ओर नहीं मोड़ा जाता तो टेंपो ट्रैवलर सीधे खाई में जा सकती थी और हादसा कहीं अधिक भयावह हो सकता था।

अचानक पलटा वाहन, यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला

हादसे में घायल एक यात्री ने बताया कि यात्रा सामान्य रूप से चल रही थी। अचानक वाहन पलट गया और यात्रियों को कुछ समझने या संभलने तक का मौका नहीं मिला। टेंपो ट्रैवलर के भीतर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मदद के लिए दौड़ लगाई और यात्रियों को वाहन से बाहर निकालने में जुट गए।

मसूरी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद ही दुर्घटना की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।

What’s your Reaction?
+1
2
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें