
चंपावत, प्रेस 15 न्यूज। जिला चिकित्सालय चंपावत के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचएस हयांकी का स्थानांतरण रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) के पद पर हो गया है। अनुभवी चिकित्सक के रूप में पहचान रखने वाले डॉ. हयांकी इससे पहले पिथौरागढ़ में मुख्य चिकित्सा अधिकारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
उनके स्थान पर राजकीय टीबी अस्पताल की प्रभारी डॉ. सोनाली मंडल को जिला चिकित्सालय का नया चिकित्सा अधीक्षक नियुक्त किया गया है। डॉ. सोनाली मंडल इससे पूर्व उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट में भी चिकित्सा अधीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।
अनुशासनप्रिय और चिकित्सा सेवा की गरिमा को प्राथमिकता देने वाली डॉ. सोनाली मंडल की नियुक्ति का चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और स्थानीय नागरिकों ने स्वागत किया है। नई जिम्मेदारी संभालने के बाद डॉ. सोनाली ने कहा कि उनका प्रमुख उद्देश्य जिला चिकित्सालय के माध्यम से आम लोगों को बेहतर, सुगम और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना रहेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जिला चिकित्सालय में उपलब्ध कराई गई आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि लोगों का चिकित्सालय के प्रति विश्वास और मजबूत हो। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि जिला चिकित्सालय में अनुभवी एवं दक्ष चिकित्सकों की टीम उपलब्ध है और उन्हें एक व्यवस्थित कार्यप्रणाली विरासत में मिली है।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)









