डीएम रयाल ने उतारी बनभूलपुरा के पांच लोगों की हनक वाली खुमारी

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। जनपद नैनीताल में कानून-व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की सख्त और जीरो-टॉलरेंस नीति एक बार फिर साफ दिखाई दी है।

इससे पूर्व भी कई मामलों में शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर चुके डीएम ने एक बार फिर अपराधियों पर कठोर कार्रवाई करते हुए थाना बनभूलपुरा क्षेत्र के पाँच व्यक्तियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं। डीएम की इस लगातार कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि आपराधिक प्रवृत्ति रखने वालों के हाथों में हथियार अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

Ad

थाना बनभूलपुरा क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलिप्त पाए गए पाँच व्यक्तियों के शस्त्र लाइसेंस जिला मजिस्ट्रेट द्वारा तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं।

प्रशासनिक अभिलेखों के अनुसार साजिद नबी पुत्र रहमत नबी, निवासी आज़ाद नगर, थाना बनभूलपुरा के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

वहीं मो. उस्मान पुत्र इश्तियाक अहमद, निवासी लाइन नंबर 18, थाना बनभूलपुरा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता एवं लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत तीन गंभीर मुकदमे पंजीकृत पाए गए हैं।

इसी क्रम में मो. गुफरान पुत्र मो. हाजी निवासी लाइन नंबर 6, आज़ाद नगर तथा शाकिर हुसैन पुत्र साबिर हुसैन, निवासी लाइन नंबर 10, आज़ाद नगर के विरुद्ध भी भारतीय दंड संहिता एवं लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के अंतर्गत तीन-तीन मुकदमे दर्ज होना पाया गया है।

इसके अतिरिक्त मो. जहीर पुत्र खालिद हुसैन निवासी लाइन नंबर 5, बनभूलपुरा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट, विधि विरुद्ध क्रियाकलाप निवारण अधिनियम (यूएपीए) तथा आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

इन तथ्यों को गंभीरता से लेते हुए जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल श्री ललित मोहन रयाल ने जनहित और सार्वजनिक शांति को सर्वोपरि मानते हुए पाँचों व्यक्तियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने के आदेश पारित किए हैं। प्रशासन ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया है कि अपराधियों को संरक्षण नहीं, बल्कि कठोर कार्रवाई मिलेगी।

जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी जिन व्यक्तियों की गतिविधियाँ कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बनेंगी, उनके खिलाफ इसी तरह बिना किसी दबाव के सख्त कदम उठाए जाएंगे। जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के लिए अब कोई नरमी नहीं होगी।

 

What’s your Reaction?
+1
1
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें