
कोटाबाग/कालाढूंगी, प्रेस 15 न्यूज। जब समाज का एक व्यक्ति बिना किसी पद और राजनीतिक ताकत के सिर्फ लोगों के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए मैदान में उतरता है, तो धीरे-धीरे वह नाम नहीं बल्कि उम्मीद बन जाता है।
कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में आजकल समाजसेवी एवं पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के संस्थापक गुंजन तिवारी को लेकर कुछ ऐसी ही चर्चा आम लोगों के बीच तेजी से सुनाई दे रही है। युवाओं को नशे के दलदल से बाहर निकालकर खेल और रोजगार से जोड़ने की उनकी मुहिम लोगों के दिलों को छू रही है।
इसी कड़ी में शुक्रवार को कोटाबाग क्षेत्र के चांदपुर, सेलसिया और पतलिया गांव में पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन की ओर से युवाओं को वॉलीबॉल और नेट वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य गांव के बच्चों और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखना है।
कार्यक्रम के दौरान गुंजन तिवारी ने कहा कि युवा शक्ति यदि खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ती है तो समाज और क्षेत्र दोनों का भविष्य मजबूत होता है। उन्होंने युवाओं से “नशा नहीं, खेल चुनो” का संदेश अपनाने की अपील की।
इस अवसर पर पूर्व ग्राम प्रधान चंद्र प्रकाश बुढलाकोटी, गिरीश पढालनी, छात्रसंघ अध्यक्ष दीपक जोशी, उपाध्यक्ष सचिन बधानी सहित अनेक स्थानीय लोग मौजूद रहे।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज जब गांवों तक नशे का जाल फैलता जा रहा है, ऐसे समय में युवाओं को खेलों से जोड़ने की पहल बेहद जरूरी और सराहनीय है।
क्षेत्र में गुंजन तिवारी की लगातार सक्रियता अब जनचर्चा का विषय बनती जा रही है। कभी युवाओं को स्वरोजगार के लिए ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराना, कभी स्कूलों में वाटर प्यूरीफायर लगवाना, तो कभी गांवों में हेल्थ किट वितरण जैसी पहलें उन्हें आम लोगों के बीच अलग पहचान दिला रही हैं।
लोगों का कहना है कि जो व्यक्ति बिना किसी सरकारी पद के समाज के लिए इतना कुछ कर सकता है, वह यदि भविष्य में जनप्रतिनिधि बने तो क्षेत्र का कायाकल्प संभव है।
हालांकि गुंजन तिवारी साफ तौर पर कह चुके हैं कि उनकी समाजसेवा का राजनीति से कोई संबंध नहीं है। उनका उद्देश्य केवल क्षेत्र और समाज की बेहतरी के लिए लगातार काम करना है। लेकिन जिस तरह युवाओं, अभिभावकों और ग्रामीणों के बीच उनकी स्वीकार्यता बढ़ रही है, उसने कालाढूंगी विधानसभा की सियासत में भी नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।









