आपदा बनी कमाई का जरिया: रामनगर में गैस की अवैध रिफिलिंग करते दो भाई गिरफ्तार

खबर शेयर करें -

रामनगर, प्रेस 15 न्यूज। एक तरफ आम आदमी इस चिंता में जी रहा है कि उसके घर का खाली गैस सिलेंडर कब भरेगा, तो दूसरी ओर कुछ लोग इसी मजबूरी को कमाई का जरिया बना चुके हैं।

हालात ये हैं कि 933 रुपए में मिलने वाला घरेलू सिलेंडर 2 से 3 हजार रुपए तक में बेचा जा रहा है, जिससे आम परिवारों पर सीधा आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

Ad

गैस संकट के इस दौर में अवैध रिफिलिंग, कालाबाजारी और भंडारण का धंधा तेजी से फल-फूल रहा है। ऐसे ही एक बड़े खेल का खुलासा 09 अप्रैल को रामनगर के खताड़ी क्षेत्र में हुआ, जहां एक मकान में छापेमारी कर पुलिस ने अवैध गैस कारोबार का भंडाफोड़ किया।

मौके से 34 छोटे-बड़े एलपीजी सिलेंडर, रिफिलिंग उपकरण, तराजू-बाट और लगभग आधा ड्रम डीजल बरामद किया गया। इनमें इंडेन , भारत और एचपी के सिलेंडर हैं। आरोपी घरेलू गैस को अवैध तरीके से भरकर ऊंचे दामों में बेचने में लगे थे।

छापेमारी के दौरान मौके पर दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया जिनकी पहचान अमन उर्फ भल्ला (26 वर्ष) और शहजाद उर्फ शैजी (23 वर्ष), निवासी खताड़ी, रामनगर के तौर पर सामने आई।

दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर थाना रामनगर में FIR संख्या 101/26 दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह पूरा मामला सिर्फ कानून तोड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सीधे आम आदमी की जेब और सुरक्षा पर हमला है। जहां एक ओर लोग गैस के लिए लाइन में लगे हैं, वहीं ऐसे लोग उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर जेब काट रहे हैं।

अवैध रिफिलिंग के दौरान किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता था। बिना सुरक्षा मानकों के ज्वलनशील पदार्थों के बीच किया जा रहा यह काम पूरे इलाके के लिए खतरा बना हुआ था।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
1

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें