
भवाली/ नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल में नववर्ष मनाने आए सैलानियों ने एक जनवरी की सुबह कैंची धाम आश्रम में अपने शीश झुकाकर मन्नतें मांगी।
नैनीताल से करीब 18 किलोमीटर दूर पड़ने वाले कैंची धाम में आज सैलानियों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। ये सैलानी 30, 31 दिसंबर और उससे भी पहले से इस क्षेत्र में नया साल का जश्न मनाने के लिए पहुँचे हैं।
पर्यटकों ने 2026 की शुरुआत बाबा नीब करोरी का आशीर्वाद लेकर की। देश विदेश से लोग 2025 को विदा करने और 2026 का स्वागत करने के लिए कुमाऊं की इन हसीन वादियों में पहुंचे हैं। पर्यटकों की भारी भीड़ से मंदिर को जाने वाली सड़क खचाखच भर गई और यातायात बाधित हुआ।
नैनीताल में नववर्ष की शुरुआत लोगों ने कैंची धाम, नयना देवी मंदिर, हनुमानगढ़ी में दर्शन के साथ की। इस दौरान मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। सैकड़ों की संख्या में भक्त कैंची धाम मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भवाली में ही सभी वाहनों को रोक दिया, और भवाली से कैंची धाम के लिए शटल सेवा की व्यवस्था की।
(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट)









