
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल, लामाचौड़ के मेधावी छात्र दिव्यांशु बिष्ट ने जेईई (मेन) 2026 – सेशन 1 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 99.67 एनटीए स्कोर प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह परीक्षा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित की जाती है और देश की सबसे कठिन व प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं में शामिल है।
दिव्यांशु का विषयवार प्रदर्शन भी अत्यंत सराहनीय रहा। उन्होंने भौतिक विज्ञान में 96.82, रसायन विज्ञान में 95.60 तथा गणित में 99.98 अंक प्राप्त किए। विशेष रूप से गणित में लगभग पूर्णांक प्राप्त करना उनकी असाधारण प्रतिभा और गहन अभ्यास को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि दिव्यांशु ने विद्यालय के नियमित छात्र रहते हुए यह सफलता हासिल की है और वर्तमान में वह कक्षा 12वीं की सीबीएसई बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे छात्र की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम बताया।
विद्यालय के प्रबंधक भुवन चंद्र उपाध्याय ने दिव्यांशु की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक व्यवस्था, समर्पित शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है। उन्होंने कहा कि दिव्यांशु जैसे छात्र विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
दिव्यांशु की इस शानदार सफलता से विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। यह उपलब्धि न केवल आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल बल्कि पूरे हल्द्वानी क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं अभिभावकों ने दिव्यांशु को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।









