सीएम धामी ने नैनीताल जिले को दी 132.55 करोड़ की 39 योजनाओं की सौगात

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल जिले में विकास कार्यों को गति देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को 132 करोड़ 55 लाख 56 हजार रुपये की 39 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम में 72 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुई 23 योजनाओं का लोकार्पण तथा 60 करोड़ 17 लाख 56 हजार रुपये की लागत से 16 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।

Ad

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से नैनीताल जनपद में आधारभूत संरचना मजबूत होगी और जनसुविधाओं का विस्तार होगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को लेकर कार्य कर रही है और विकास के साथ-साथ विरासत के संरक्षण पर भी समान रूप से ध्यान दिया जा रहा है।

लोकार्पित कार्यों में शिप्रा नदी पर 30 मीटर स्पान मोटर पुल, राजकीय औद्योगिक संस्थान हल्द्वानी में टेक्नोलॉजी लैब, कोटाबाग क्षेत्र के महादेवपुरम एवं झलुवाझाला नलकूप, बेलपोखरा एवं बैलपड़ाव में सिंचाई नलकूप, महिला महाविद्यालय में लैब निर्माण सहित विभिन्न कार्य शामिल हैं।

जल जीवन मिशन के अंतर्गत हरिपुर लच्छी, कालूपुर पोखरिया, जीतपुर रैक्वाल, देवलातल्ला, बसंतपुर, किशनपुर रैक्वाल, चोरगलिया आमखेड़ा जयराम परमा, हल्दूचौड़ जग्गी, भवानीपुर कृष्णा, पाडलीपुर, भगवानपुर दुर्गापुर, बकुटिया समेत 14 पेयजल योजनाओं का भी लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त पशु चिकित्सालय रामगढ़ में भवन निर्माण कार्य भी जनता को समर्पित किया गया।

शिलान्यास की गई योजनाओं में कसियालेख-धारी मोटर मार्ग, रानीबाग-खुटानी मार्ग, चाफी-पदमपुरी-धानाचुली मार्ग सुधार, मोतियापाथर-शहरफाटक मार्ग, नैनीताल में अनावासीय भवन निर्माण, भेंटी दियारी खोली मोटर मार्ग, पांडे नवाड़ नशा मुक्ति केंद्र मरम्मत, नवाबी रोड सीवरेज कार्य, 28 एमएलडी एसटीपी निर्माण, नारीमन तिराहे से गौलापुर सड़क मरम्मत, देवरामपुर-गौलागेट मार्ग सुधार, हल्दूचौड़ गौलारोड डीबीएम कार्य, चांदनी चौक से घुड़दौड़ मार्ग सुधार, पीपल पोखरा में रिटेनिंग/साइड स्ट्रक्चर कार्य, हिम्मतपुर बैजनाथ पीसी कार्य, वृंदावन विहार व चांदनी चौक में पीसी निर्माण तथा पनचक्की-चौफुला-कठघरिया नहर कवरिंग कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने विशेष योजनांतर्गत सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत स्वीकृत “हल्द्वानी-काठगोदाम स्रोत एवं ट्रीटमेंट संवर्धन पेयजल योजना” का भी भूमि पूजन किया। इस योजना की कुल लागत 154 करोड़ 43 लाख रुपये है, जिससे क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक राम सिंह कैड़ा, डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्या, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे सहित अन्य अधिकारी जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें