
रामनगर, प्रेस 15 न्यूज। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पांच वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से उपलब्धियों का उत्सव मनाया जा रहा है।
इसी क्रम में सरकार एक बार फिर ‘जन-जन की सरकार, आपके द्वार’ अभियान को गति दे रही है, जिसके तहत मुख्यमंत्री स्वयं विभिन्न जनपदों का भ्रमण कर विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ ही जनता से सीधे संवाद भी कर रहे हैं।
इसी कड़ी में मुख्यमंत्री 5 जुलाई (रविवार) को नैनीताल जनपद के रामनगर दौरे पर रहेंगे, जहां वह राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर धनगढ़ी नाले पर निर्मित गार्डर सेतु का लोकार्पण करेंगे।
प्रभारी अधिकारी, जिलाधिकारी कार्यालय नैनीताल द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को अपराह्न 1:00 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम हेलीपैड, टनकपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान करेंगे और 2:00 बजे तरंगी रिसोर्ट हेलीपैड, रामनगर पहुंचेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री 2:10 बजे कार से धनगढ़ी पुल के लिए रवाना होंगे और 2:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-309 पर धनगढ़ी नाले पर निर्मित गार्डर सेतु के लोकार्पण कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री 3:30 बजे धनगढ़ी पुल से वापस तरंगी रिसोर्ट हेलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे। वह 3:50 बजे हेलीपैड पहुंचेंगे और 4:00 बजे हेलीकॉप्टर से हिंडन एयरपोर्ट, गाजियाबाद के लिए रवाना होंगे।









