बेटियां जब ठान लें… चम्पावत की आद्या ने NEET और JEE-Main दोनों में रच दिया इतिहास

खबर शेयर करें -

लोहाघाट, प्रेस 15 न्यूज। चम्पावत जिले की होनहार बेटी आद्या उपाध्याय ने पहले ही प्रयास में देश की दो प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं NEET-UG और JEE-Main में शानदार सफलता हासिल कर सीमांत क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

बोर्ड परीक्षा में 97.84 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली आद्या ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के बल पर यह उपलब्धि हासिल करते हुए जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की है।

Ad

आद्या, राजकीय इंटर कॉलेज पुलहिंडोला के प्रवक्ता आर.पी. उपाध्याय तथा राजकीय इंटर कॉलेज कर्णकरायत में गणित प्रवक्ता विनीता उपाध्याय की पुत्री हैं।

उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा होली विजडम पब्लिक स्कूल, लोहाघाट से प्राप्त की। इसके बाद शोर वैली पब्लिक स्कूल, पिथौरागढ़ से हाईस्कूल तथा नारायणा ई-टेक्नो स्कूल, जयपुर से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की।

बचपन से ही मेधावी रही आद्या ने नियमित अध्ययन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर दोनों राष्ट्रीय परीक्षाओं में सफलता अर्जित की। आद्या का परिवार शिक्षा और उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए जाना जाता है। उनके बड़े भाई प्रखर उपाध्याय ने इसी वर्ष आईआईटी कानपुर से बीटेक की पढ़ाई पूरी कर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित डॉ. प्रतीक मिश्रा मेमोरियल गोल्ड मेडल-2026 प्राप्त किया है।

आद्या ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के मार्गदर्शन, गुरुजनों के आशीर्वाद और बड़े भाई की प्रेरणा को दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य एक सफल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करना है, साथ ही भविष्य में सिविल सेवा में भी योगदान देने की तैयारी जारी रहेगी।

आद्या की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सीईओ एवं महासचिव डॉ. रंजीत मेहता, जिलाधिकारी मनीष कुमार, राजकीय शिक्षक संघ तथा विभिन्न शिक्षाविदों और सामाजिक संगठनों ने शुभकामनाएं दी हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन आद्या, उनके भाई प्रखर और उनके माता-पिता को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि का गौरव बढ़ाएगा।

(गणेश दत्त पांडेय वरिष्ठ पत्रकार, लोहाघाट से एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
1
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें