
पाटी, प्रेस 15 न्यूज। ग्रामोथान परियोजना रीप एवं ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से संचालित परिवर्तन स्वायत्त सहकारिता कमलेख की द्वितीय वार्षिक आमसभा प्राथमिक विद्यालय पोखरी में आयोजित हुई।
अध्यक्ष जानकी देवी की अध्यक्षता में हुई सभा का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख शंकर सिंह अधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। आमसभा में सहकारिता की प्रगति, वित्तीय स्थिति और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
सहकारिता की अध्यक्ष जानकी देवी ने शेयरधारकों को पिछले वर्ष की व्यावसायिक एवं वित्तीय उपलब्धियों की जानकारी दी। लेखाकार सुभाष कुमार ने ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि बिजनेस प्रमोटर प्रतिभा वर्मा ने वार्षिक कारोबार और लाभांश का ब्यौरा रखा।
बताया गया कि सहकारिता को इस वर्ष कुल ₹53,000 का लाभ हुआ। बोर्ड के निर्णय के अनुसार इसका 80 प्रतिशत यानी ₹43,500 शेयरधारकों को लाभांश के रूप में वितरित किया गया।
निष्क्रिय निदेशकों की जगह नए चेहरे
आमसभा में सदस्यों ने दो निष्क्रिय संचालकों के स्थान पर नए निदेशकों का चयन किया। इसके बाद 9 सदस्यीय निदेशक मंडल का पुनर्गठन किया गया। मुख्य अतिथि शंकर सिंह अधिकारी ने नवनिर्वाचित निदेशक मंडल को पद एवं दायित्वों की शपथ दिलाई।
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली 9 महिला उद्यमियों को सम्मानित भी किया गया। ब्लॉक प्रमुख ने सदस्यों को व्यावसायिक गतिविधियों में तेजी लाने और विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
जिला परियोजना प्रबंधक ममराज चौहान ने सदस्यों को उनके दायित्वों के प्रति संवेदनशील रहते हुए व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ाने का मार्गदर्शन दिया। वहीं सहायक प्रबंधक संस्थाएं एवं समावेशी प्रकाश चंद्र पाठक ने वार्षिक आमसभा के संचालन एवं प्रबंधन में सहयोग दिया।
आमसभा में एनआरएलएम से डीटीई कैलाश चंद्र, उपासक से सीएस भट्ट और आरबीआई से पंकज बिष्ट ने परियोजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के सफल संचालन में रीप सहायक प्रबंधक सचिन, बीएमएम रमेश पाटनी, ब्लॉक टीम के अमित और कुलदीप सहित संकुल संघ स्टाफ ने सहयोग किया। वार्षिक आमसभा में कुल 85 शेयरधारकों एवं समूह सदस्यों ने प्रतिभाग किया।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)









