
चंपावत, प्रेस 15 न्यूज। सरकारी योजनाओं का लाभ दूरस्थ गांवों तक पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत गुरुवार को विकासखंड पाटी के कूण में बहुउद्देशीय शिविर लगाया गया। प्राथमिक विद्यालय कूण में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने मौके पर सेवाएं उपलब्ध कराईं।
कार्यक्रम के माध्यम से 500 से अधिक लाभार्थियों को लाभ मिला, जबकि ग्रामीणों की 65 समस्याएं दर्ज कर उनके निस्तारण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह ने की। दर्जा राज्य मंत्री मुकेश मेहराना और जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष निर्मल माहरा भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता, समाज कल्याण और राजस्व समेत विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। अधिकारियों ने लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को मौके पर लाभान्वित किया।
सीडीओ अजय सिंह ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में इस तरह के शिविर आयोजित करने का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को लोगों के द्वार तक पहुंचाना है।
इससे ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए दूर स्थित कार्यालयों तक जाने की परेशानी से राहत मिलती है। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने और योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
विभागवार उपलब्धियों में स्वास्थ्य विभाग ने 80, आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा विभाग ने 52, होम्योपैथिक विभाग ने 42, पशुपालन विभाग ने 45, उद्यान विभाग ने 48 और कृषि विभाग ने 22 लाभार्थियों को सेवाएं दीं।
राजस्व विभाग ने 32 लोगों के प्रमाण पत्र बनाए। इसके अलावा अन्य विभागों ने भी विभिन्न योजनाओं के तहत सेवाएं उपलब्ध कराईं।
शिविर में सहकारिता विभाग ने पं. दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के अंतर्गत सरस्वती स्वयं सहायता समूह, उजाला स्वयं सहायता समूह और जैचम स्वयं सहायता समूह को ब्याज मुक्त ऋण के चेक प्रदान किए।
सहायक निबंधक सहकारिता डीएस नपलच्याल ने किसानों और स्वयं सहायता समूहों से सहकारी व्यवस्था से जुड़कर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पंचायत अध्यक्ष पाटी नारायण लाल, एसडीएम लोहाघाट नीतू डागर, सीएमओ डॉ. देवेश चौहान, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी वसुंधरा गर्ब्याल, मुख्य कृषि अधिकारी डी. कुमार, जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, ग्राम प्रधान मोहित पाठक, भाजपा मंडल अध्यक्ष खेतीखान बबलू देव, लक्ष्मी दत्त जोशी, दीपक भट्ट समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की रिपोर्ट ✍️)











