कुमाऊं की महिलाओं और देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला, ब्लॉगर ज्योति गिरफ्तार

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। सोशल मीडिया पर कुमाऊं की महिलाओं और स्थानीय देवताओं के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने और हाथ में दराती लहराने के आरोप में ब्लॉगर ज्योति अधिकारी के खिलाफ मुखानी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसके बाद ज्योति अधिकारी को गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

गिरफ्तारी के दौरान थाने के बाहर उनके समर्थकों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।

Ad

ऊंचापुल निवासी जूही चुफाल की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कहा गया है कि हरिपुर लालमणी किशनपुर घुड़दौड़ा निवासी ब्लॉगर ज्योति अधिकारी की सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो में वह दराती हाथ में लेकर महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर रही हैं।

वीडियो में कुमाऊं के देवी-देवताओं के लिए भी कथित रूप से अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों की धार्मिक और सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं।

मुखानी थाना प्रभारी सुशील जोशी के अनुसार, शिकायत के आधार पर ज्योति अधिकारी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 27 के साथ ही भारतीय न्याय संहिता की धारा 192 (दंगा भड़काने के इरादे से उकसाना), 196 (धर्म, जाति या भाषा के आधार पर शत्रुता फैलाना), 299 व 302 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, जब ज्योति अधिकारी के आवास पर नोटिस तामील कराने टीम पहुंची, उस दौरान भी वह सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो बनाती रहीं। इसके बाद थाने ले जाते समय भी उन्होंने लाइव प्रसारण जारी रखा, जिसमें उन्होंने वादी जूही चुफाल को निशाना बनाते हुए आपत्तिजनक और चुनौतीपूर्ण भाषा का प्रयोग किया।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी हुई है, जबकि सोशल मीडिया पर प्रसारित अन्य वीडियो की भी जांच की जा रही है।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
1
+1
0
+1
0
+1
1

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें