सीडीओ अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में भवाली जन-शिविर बना समाधान का मंच

खबर शेयर करें -

भवाली, प्रेस 15 न्यूज। आमजन को सरकारी योजनाओं का त्वरित लाभ दिलाने और समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरकार की जन-जन की सरकार, जनता के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत नगर पालिका भवाली में भव्य जन-शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने की।

शिविर का शुभारंभ करते हुए सीडीओ ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का सूक्ष्म निरीक्षण किया और आम नागरिकों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी लेते हुए स्पष्ट, समयबद्ध और संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके नेतृत्व में प्रशासन की तत्परता का परिणाम यह रहा कि लगभग 300 लोगों ने शिविर का सीधा लाभ लिया।

Ad

सीडीओ अरविंद कुमार पांडे के दूरदर्शी नेतृत्व, संवेदनशील दृष्टिकोण और सख्त अनुश्रवण के चलते यह जन-शिविर जनता के लिए विश्वास, राहत और समाधान का प्रभावी मंच बना, यही जन-जन की सरकार की वास्तविक पहचान है।

शिविर में कुल 150 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 94 शिकायतों का तत्काल समाधान कराया गया। जिन मामलों का निस्तारण मौके पर संभव नहीं था, उनके लिए समय-सीमा तय करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को लिखित रूप से समाधान से अवगत कराने के निर्देश दिए गए, यह प्रशासनिक जवाबदेही की सशक्त मिसाल रही।

सभी विभागों के स्टॉल, एक ही छत के नीचे सेवाएँ

शिविर में विद्युत विभाग, जल संस्थान, खाद्य विभाग, पशुपालन विभाग, विकासखंड भीमताल, आंचल एवं दुग्ध संघ, होम्योपैथी विभाग, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, बाल विकास सहित अन्य विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। नागरिकों ने योजनाओं की जानकारी ली और पात्र लाभ तुरंत प्राप्त किए।

स्थानीय समस्याओं को भी प्रमुखता से सुना गया। संजय वर्मा ने फरसौली स्थित पटवारी चौकी की समस्या रखी। अमित पांडे ने अमृत सरोवर में जल समस्या के समाधान हेतु जल संस्थान को अवगत कराया। खजान भट्ट ने भवाली में आयुर्वेदिक चिकित्सालय बंद होने का मुद्दा उठाया। इन सहित अन्य मामलों पर अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लिया।

शिविर में क्षेत्रीय विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज आर्य, सहायक परियोजना अधिकारी चंदा फर्त्याल सहित नगर के गणमान्य नागरिक, क्षेत्रीय जनता, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें