
भीमताल, प्रेस 15 न्यूज। विकास भवन सभागार, भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में बाल विकास विभाग अंतर्गत संचालित समस्त लाभार्थीपरक योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, राष्ट्रीय पोषण मिशन योजना, नंदा गौरा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, वन स्टॉप सेंटर सहित विभागीय अन्य योजनाओं की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय पर पहुँचना सुनिश्चित किया जाए तथा कोई भी पात्र व्यक्ति किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने निर्देशित किया कि जनपद के अंतर्गत समस्त परियोजनाओं में मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना की जाए।
सीडीओ ने कुपोषण से मुक्ति, महिलाओं को स्वावलंबी बनाने एवं उन्हें संरक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से नवाचार आधारित गतिविधियाँ आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित निरीक्षण करने तथा कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी ऑनलाइन पोर्टलों की जानकारी प्रतिदिन अपडेट रखी जाए। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में लक्ष्यों की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि बीस सूत्रीय कार्यक्रम अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी।
बैठक में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









