
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड में मंगलवार को मौसम लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है। मौसम विभाग ने तीन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी करते हुए कई अन्य जिलों में भी तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है। ऐसे में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मंगलवार को मौसम का मिजाज बिगड़ने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य अधिकांश जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
उधर मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस वर्ष मानसून की रफ्तार सामान्य से धीमी है। करीब पांच साल बाद मानसून लगभग एक सप्ताह की देरी से उत्तराखंड पहुंच रहा है। इसके चलते प्रदेश में गर्मी और उमस का असर अपेक्षा से अधिक समय तक बना रह सकता है। हालांकि बीच-बीच में हो रही हल्की बारिश से राहत मिल रही है, लेकिन बारिश रुकते ही उमस लोगों को परेशान कर रही है।









