
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। एक अच्छा विद्यालय सिर्फ पढ़ाई का केंद्र नहीं होता, बल्कि वह वह मंच होता है जहां सपनों को दिशा मिलती है और प्रतिभाएं पहचान पाती हैं। जब सही मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और अवसर मिलते हैं, तो विद्यार्थी असंभव को भी संभव कर दिखाते हैं। आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल (APS) लामाचौड़ में यही माहौल नजर आता है, जहां छात्र लगातार अपनी उपलब्धियों से नई मिसाल कायम कर रहे हैं।
इसी क्रम में विद्यालय के कक्षा 9वीं के छात्र प्रियांश जोशी का चयन भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा संचालित प्रतिष्ठित ‘इंस्पायर अवार्ड’ प्रदर्शनी के लिए हुआ है। प्रियांश ने अपनी नवाचारी सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के आधार पर “वायुमंडल ऊर्जा संग्राहक” मॉडल तैयार किया है, जिसे सराहा गया है।
इस उपलब्धि के लिए प्रियांश को सरकार द्वारा ₹10,000 की छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई है, जिसके माध्यम से वे अपने प्रोजेक्ट को और विकसित कर जिला स्तरीय प्रदर्शनी में प्रस्तुत करेंगे।
विद्यालय के ट्रस्टी एवं प्रधानाचार्य ने प्रियांश को बधाई देते हुए इसे संस्थान के लिए गर्व का क्षण बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं, विद्यालय के प्रबंधक भुवन चंद्र उपाध्याय ने प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि हर बच्चा अपने भीतर एक अनोखी क्षमता लेकर आता है, जरूरत होती है उसे सही दिशा देने की। प्रियांश ने यह साबित किया है कि अगर जिज्ञासा और मेहनत साथ हो, तो छोटी उम्र में भी बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है। हमारा प्रयास है कि हर विद्यार्थी को ऐसा मंच मिले, जहां वह खुलकर सोच सके, प्रयोग कर सके और आगे बढ़ सके।
प्रियांश की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है और यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।









