रामनगर की बदहाल सड़कों पर फूटा गुस्सा, समाजसेवी राहुल की अगुवाई में PWD दफ्तर में गरजे लोग

खबर शेयर करें -

रामनगर, प्रेस 15 न्यूज। रामनगर क्षेत्र की जर्जर और जानलेवा बन चुकी सड़कों को लेकर अब स्थानीय लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आने लगा है। समाजसेवी और वरिष्ठ पत्रकार राहुल सिंह दरम्वाल के नेतृत्व में स्थानीय ग्रामीणों, होटल कारोबारियों और जिम कॉर्बेट जीएम एसोसिएशन के सदस्यों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्यालय पहुंचकर खराब सड़कों के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग को लेकर जोरदार विरोध जताते हुए ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से राहुल सिंह दरम्वाल ने कहा कि रामनगर क्षेत्र की अधिकांश ग्रामीण सड़कें बेहद खराब हालत में हैं। छोई मार्ग, क्यारी गांव को जोड़ने वाली सड़क, पाटकोट मार्ग, तेलीपुरा, जस्सागांजा समेत कई प्रमुख मार्ग लंबे समय से बदहाली का शिकार हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी सिर्फ कागजी खानापूर्ति में जुटे हुए हैं।

Ad

उन्होंने आरोप लगाया कि इन सड़कों के निर्माण और मरम्मत के प्रस्ताव महीनों पहले रामनगर से हल्द्वानी और देहरादून तक भेजे जा चुके हैं, लेकिन फाइलें अधिकारियों की टेबलों पर धूल फांक रही हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर इन प्रस्तावों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी किसकी है और जनता के प्रति अधिकारियों की जवाबदेही कब तय होगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़कों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। ग्रामीण, राहगीर, स्कूली बच्चे और पर्यटक रोजाना जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़कों का सुधारीकरण नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

वहीं जिम कॉर्बेट जीएम एसोसिएशन ने भी खराब सड़कों को पर्यटन के लिए गंभीर खतरा बताया। एसोसिएशन पदाधिकारियों का कहना था कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक बदहाल सड़कों के कारण निराश होकर लौट रहे हैं, जिससे क्षेत्र की पर्यटन छवि प्रभावित हो रही है।

इस दौरान करन बिष्ट, सौरभ छिमवाल, रवि तिवारी, राजीव शाह, सुन्दर सिंह बिष्ट, किरण सागर, राजेश पंत, प्रकाश पाठक, देवी सिंह, बबीता मेहरा, एन.डी. पालीवाल, लक्ष्मण रावत, दीप छाबड़ा, मनीष, पुष्पेंद्र, महिपाल, सुधीर समेत दर्जनों स्थानीय लोग और होटल कारोबारी मौजूद रहे।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें