पर्यटन सीजन से पहले प्रशासन एक्शन में, हल्द्वानी में सड़क चौड़ीकरण को रफ्तार

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। आगामी पर्यटन सीजन को पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए यादगार बनाने की दिशा में नैनीताल जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। मूलभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने पर जोर है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में सोमवार शाम नरीमन चौराहे से गौला पुल तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्यों का सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया गया।

Ad

इस दौरान मार्ग पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बाधाएं हटाई गईं और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड हल्द्वानी द्वारा किया जा रहा है, जिसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। मार्ग के चौड़ीकरण में बाधा बन रहे विद्युत पोलों की शिफ्टिंग के लिए धनराशि पहले ही उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के नगरीय खंड को हस्तांतरित की जा चुकी है।

सिटी मजिस्ट्रेट और नगर आयुक्त ने यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि मंगलवार से नए विद्युत पोलों की स्थापना शुरू की जाए तथा शटडाउन लेकर लाइन शिफ्टिंग का कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए।

मार्ग के बाईं ओर जल निगम द्वारा सीवर लाइन बिछाने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है, जिसमें लगभग 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। शेष कार्य को 20 मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सीवर लाइन के लिए बनाए जाने वाले पिट स्थलों का लोक निर्माण विभाग के साथ संयुक्त रूप से चिन्हीकरण करने को भी कहा गया है।

सड़क चौड़ीकरण के दौरान जमरानी खंड का एक अस्थायी निर्मित डॉम हट भी हटाया जाना है। इसके लिए परियोजना प्रबंधक जमरानी खंड को 20 मार्च तक इसे डिस्मेंटल कर हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं मार्ग के दाहिनी ओर आने वाली अन्य बाधाओं को भी 25 मार्च तक हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

सिटी मजिस्ट्रेट और नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्च के अंतिम सप्ताह से सड़क निर्माण के लिए लेवलिंग और ग्रेडिंग का कार्य शुरू कर दिया जाए और डामरीकरण सहित अन्य निर्माण कार्य अप्रैल माह तक पूरा कर लिया जाए, ताकि आगामी पर्यटक सीजन में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों को भी चौड़ी सड़क का लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान जल निगम के अधिशासी अभियंता एके कटारिया सहित लोक निर्माण विभाग, पावर कॉरपोरेशन, जमरानी खंड और जल निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें