
कालाढूंगी, प्रेस 15 न्यूज। क्रांतिकारी किसान मंच के आह्वान पर आज शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर कालाढूंगी के शहीद ऊधम सिंह पार्क में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद भगत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद ‘ये भगत सिंह तू जिंदा है’ गीत के साथ विचार गोष्ठी शुरू हुई।
क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के मुकेश भंडारी ने कहा कि आज भगत सिंह को याद करने का मतलब उन क्रांतिकारियों के सपनों को समझना है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। उन्होंने कहा कि क्रांतिकारियों के सपनों का भारत बनाने के लिए लोगों को आगे आने की जरूरत है।
अंबेडकर एकता फाउंडेशन के मदनचंद ने कहा कि आजादी के संघर्ष के दौरान लोगों ने जाति और धर्म के भेदभाव को पीछे छोड़कर देश की आजादी के लिए एकजुट होकर संघर्ष किया था। उन्होंने कहा कि आज भी शहीदों के विचारों से प्रेरणा लेते हुए समाज को एकजुट होने की जरूरत है।
परिवर्तनकामी छात्र संगठन के चंदन ने कहा कि छात्र और नौजवान पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों को शहीद-ए-आजम भगत सिंह की विरासत से प्रेरणा लेते हुए अपने अधिकारों के लिए संगठित होने की जरूरत है।
मोहन मटियाली ने कहा कि समाज को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संगठित होना चाहिए। मजदूरों, किसानों, छात्रों और नौजवानों को अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने की जरूरत है।
कार्यक्रम का संचालन क्रांतिकारी किसान मंच के संयोजक आनंद पांडे ने किया।
कार्यक्रम में प्रगतिशील भोजनमाता संगठन की चंपा नेगी, शेखरचंद्र, सलमान वारसी, बलविंदर शर्मा, भुवन कोहली, मदन चंद्र, चन्दन पाण्डे, मुकेश भंडारी, बलविंदर कंबोज, चंदन और गगनदीप सहित अन्य लोग मौजूद रहे।









