
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड की एकल महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में ‘मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना’ के दूसरे चरण का शुभारंभ किया।
इस दौरान 488 महिला लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 2 करोड़ 76 लाख 16 हजार 875 रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित की गई।
मुख्यमंत्री ने योजना के दूसरे चरण में 212 नई महिला लाभार्थियों को पहली किश्त के रूप में 1 करोड़ 55 लाख 40 हजार रुपये तथा पहले चरण की 276 महिलाओं को दूसरी किश्त के रूप में 1 करोड़ 20 लाख 76 हजार 875 रुपये जारी किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति किसी भी समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है। राज्य सरकार का लक्ष्य महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार देना है।
उन्होंने कहा कि यह योजना एकल, विधवा, निराश्रित, परित्यक्ता, तलाकशुदा महिलाओं, एसिड अटैक पीड़िताओं, अन्य आपराधिक घटनाओं से प्रभावित महिलाओं और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत अधिकतम 2 लाख रुपये तक की परियोजना स्वीकृत की जाती है, जिसमें 75 प्रतिशत तक अनुदान राज्य सरकार देती है। उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर प्रदान करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। राज्य सरकार भी स्वयं सहायता समूहों, लखपति दीदी अभियान, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना और हाउस ऑफ हिमालयाज जैसे प्रयासों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ रही है।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यह योजना प्रदेश की एकल महिलाओं के जीवन में आत्मनिर्भरता, सम्मान और आत्मविश्वास का नया अध्याय लिख रही है। सरकार महिलाओं को सहायता की पात्र नहीं, बल्कि विकास की भागीदार बनाकर उन्हें स्वरोजगार के माध्यम से सशक्त कर रही है।
कार्यक्रम में महिला लाभार्थियों ने योजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सचिव महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास चन्द्रेश कुमार, निदेशक बंशीलाल राणा सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।









