Uttarakhand: मानसून से पहले धामी सरकार अलर्ट, जिलाधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

खबर शेयर करें -

देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए राज्य सरकार ने आपदा प्रबंधन और राहत तैयारियों को लेकर सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को मानसून से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने भूस्खलन, बाढ़ एवं भू-कटाव संभावित क्षेत्रों का चिन्हीकरण कर संवेदनशील गांवों, स्कूलों, अस्पतालों और अन्य महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों की सूची तैयार करने को कहा। साथ ही चारधाम यात्रा मार्गों, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Ad

मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून के दौरान दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं का पूर्व चिन्हीकरण किया जाए। उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच, आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए ताकि आपदा या मार्ग बाधित होने की स्थिति में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को ग्राम स्तर तक तत्काल पहुंचाने तथा पर्यटकों और यात्रियों को भी समय पर मौसम और मार्गों की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने आपदा एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जेसीबी, पोकलैंड, डंपर समेत अन्य मशीनरी की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बंद होने वाले मार्गों को शीघ्र खोलने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार रखने को कहा।

उन्होंने SDRF, NDRF, पुलिस, फायर सर्विस एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने तथा प्रत्येक तहसील स्तर पर राहत एवं बचाव सामग्री का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून के दौरान जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम रखने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें