ध्यान रखिएगा: उत्तराखंड में सर्दी ने बढ़ाए तेवर, 06 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

खबर शेयर करें -

देहरादून/ नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड में सर्दी ने अपने तेवर और तीखे कर लिए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी घना कोहरा छाने से जनजीवन प्रभावित होने लगा है।

शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में शीत दिवस जैसी स्थिति बने रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चंपावत, नैनीताल और पौड़ी जिलों के कुछ क्षेत्रों के लिए भीषण शीत दिवस का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Ad

मौसम विभाग के अनुसार, इन जिलों के कई हिस्सों में दिनभर घना कोहरा छाया रह सकता है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी और ठंड का असर और अधिक बढ़ेगा। खासतौर पर सुबह और देर शाम दृश्यता कम रहने की आशंका जताई गई है।

वहीं, प्रदेश के उच्च पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में मौसम का मिजाज अलग रहने वाला है। इन जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। विशेष रूप से 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने के आसार हैं, जिसका असर प्रदेशभर के तापमान पर साफ तौर पर देखने को मिलेगा।

आगामी दिनों के पूर्वानुमान की बात करें तो 27 से 29 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है। हालांकि, नए साल के स्वागत के साथ मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 30 और 31 दिसंबर को पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने नागरिकों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्कता बरतने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें